जिला मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने पर कोविड जांच के लिए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती किया गया।
अजमेर. जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती कैदी बाथरूम जाने के बहाने फरार हो गया। पूर्व में दरगाह थाना पुलिस ने उसे संदिग्ध मानते हुए पकड़ा था। पुलिस की विशेष टीम और दरगाह थाना पुलिस ने उसे दोबारा दबोचा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने बताया कि दरगाह थाना पुलिस ने लुहारमंडी गुर्जर अली मस्जिद बुरहानपुर मध्यप्रदेश निवासी मोहम्मद फैजान (19) पुत्र मोहम्मद हाजी को पकड़ा था। उसे अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने पर कोविड जांच के लिए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती किया गया।
सिपाही को धक्का देकर फरार
मोहम्मद फैजान नेे अस्पताल में बाथरूम जाने की इच्छा जताई। इस दौरान वह पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार हो गया। उसके फरार होने की सूचना से अस्पताल में हड़कम्प मच गया। पुलिसकर्मी ने कोतवाली थाने में 9 फरवरी को मामला दर्ज कराया। एसपी शर्मा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर विकास सांगवान की अगुवाई में टीम गठित की।
टीम ने दबोचा युवक को
विशेष टीम और दरगाह थाना पुलिस ने मोहम्मद फैजान को जैन पांडाल दरगाह से गिरफ्तार कर लिया। टीम में थाना प्रभारी दलबीर सिंह, हैड कांस्टेबल लक्ष्मण शर्मा, कांस्टेबल प्रेमाराम, धर्मेन्द्र, सुमेर और जयनारायण शामिल रहे।
Read More: मोबाइल स्नेचर को दबोचा
अजमेर. सिविल लाइंस थाना पुलिस ने गुरुवार को मोबाइल स्नेचर को दबोचा। युवक पिछले दिनों स्कूटी पर सवार युवती का मोबाइल छीनकर रफूचक्कर हो गया था। इसके दो साथियों को क्लॉक टावर थाना पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब सिविल लाइंस थाना पुलिस इन्हें प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करेगी।
एएसआई रामसिंह बताया कि हाथीभाटा श्याम गली निवासी विप्रा अरोड़ा पुत्री अजय अरोड़ा ने थाने में रिपोर्ट दी। उसने बताया कि 1 फरवरी को वह वैशाली नगर स्थित ऑफिस से स्कूटी लेकर घर जा रही थी। वह सावित्री स्कूल से तिराहे से दयाल वीणा अस्पताल के पास पहुंची। तभी पीछे बाइक सवार तीन लड़के तेज रफ्तार से आए। पुलिस ने इस मामले में कुट्टी की टाल चौरसियावास रोड निवासी दीपक जोशी (22) पुत्र बी.एल.जोशी को गिरफ्तार किया है।