
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौकेे पर नगर निगम सहित विभिन्न संस्थाओं की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वच्छता अभियान का भी आगाज किया गया।
नगर निगम की ओर से गांधी भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांसद भागीरथ चौधरी, महापौर ब्रजलता हाडा, उप महापौर नीरज जैन, शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, उपायुक्त राजलक्ष्मी गहलोत, उपायुक्त कीर्ति कुमावत, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी बबीता सिंह, राजस्व अधिकारी पवन मीणा आदि मौजूद रहे। वक्ताओं ने वाजपेयी के जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डाला। छात्राओं ने उनकी कविताओं का पाठ किया। निगम अधिकारियों ने गांधी भवन के पास सफाईकर स्वच्छता सप्ताह का आगाज किया।
भाजपा शहर जिला अजमेर के सभी मंडलों व शक्ति केंद्र पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर पुष्पांजलि कर श्रद्धांजलि दी गई।
ना विचलित, ना भयभीत, भारत मां की सेवा में...भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि ना विचलित, ना भयभीत, भारत मां की सेवा में जिसने जीवन किया व्यतीत... वो रहे अटल, वो थे सदैव अटल रहेंगे। उन्होंने कहा कि अटलजी सभी के लिए प्रेरणा पुंज हैं। बजरंग मंडल शास्त्री स्मारक, दीनदयाल मंडल दाहरसेन स्मारक, दाहरसेन मंडल दीनदयाल स्मारक, पृथ्वीराज मंडल शिवाजी पार्क, झलकारीबाई मंडल ने विवेकानंद की मूर्ति, तोपदाडा स्कूल, एससी मोर्चा अंबेडकर स्मारक, आर्य मंडल पृथ्वीराज स्मारक, आदर्श मंडल एसपीसी जीसीए में महाराणा प्रताप की मूर्ति के समक्ष, ओबीसी मोर्चा बाल गंगाधर तिलक सर्किल, युवा मोर्चा की ओर से सुभाष उद्यान पर कार्यक्रम हुए।
अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने कहा कि डबल इंजन की सरकार पीएम नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जनकल्याण के भाव के साथ राजस्थान में सुशासन के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में महापौर हाडा, उप महापौर जैन, राजेश शर्मा, योगेश शर्मा, सतीश बंसल, प्रकाश बंसल, दीपेंद्र लालवानी, रचित कच्छावा आदि मौजूद रहे।
------------------------------विधायक भदेल ने तोपदडा स्थित राजकीय विद्यालय के बाहर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा व आस-पास तथा एसपीसी जीसीए प्रांगण, महाराणा प्रताप की प्रतिमा एवं आस-पास, साफ-सफाई करते हुए प्रतिमाओं पर मालयार्पण किया। आदर्श मण्डल के रविन्द्र सिंह जादौन, महामंत्री रोमेश मिश्रा, हितेश ढाबरिया, सुरेन्द्र वर्णमाल, श्याम तंवर, राजकुमार सोनी, पार्षद सुनीता चौहान, झलकारी बाई मण्डल से मण्डल अध्यक्ष हेमन्त सांखला, सुंदर टांक, सोनू माखीजानी, राजेश घाटे, दीपेन्द्र शर्मा आदि मौजूद रहे। वार्ड 68 में शक्ति केन्द्र प्रभारी गजेन्द्र सिंह गहलोत के जयपुर रोड स्थित प्रतिष्ठान पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। राजस्थान धरोहर संरक्षण प्रोन्नति प्राधिकरण के पूर्व सदस्य कंवल प्रकाश किशनानी ने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन रोहित यादव ने किया। आभार सुरेन्द्र माथुर ने जताया।
मीरा मूर्ति परिसर में सफाई अभियान
आनासागर चौपाटी पर माता मीरा की मूर्ति के आस-पास स्वच्छता अभियान चलाया गया। भाजपा कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल बंजारा ने बताया कि शहीद स्मारक और शहीदों की मूर्ति पर स्वच्छता अभियान 31 दिसम्बर तक चलेगा। इस दौरान भागचंद, दिनेश सुकरिया, पिंटू भाट, श्रवण कुमार, राजेश पवार, हेमंत शर्मा, रामपाल, धर्मराज आदि मौजूद रहे।