
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने निलंबित सदस्य बाबूलाल कटारा की फोटो वेबसाइट से हटा दी है। वरिष्ठ अध्यापक पेपर आउट मामले में कटारा बीते साल गिरफ्तार हुआ था। राज्यपाल के निलंबन के बाद आयोग ने फोटो हटाई है। हालांकि उसका नाम बतौर सदस्य अभी भी वेबसाइट पर कायम है।
वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2022 के सामान्य ज्ञान का पर्चा लीक मामले में एसओजी ने 18 अप्रेल 2023 को आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा को सिविल लाइंस स्थित बंगले से गि्रफ्तार किया था। कटारा के अलावा डूंगरपुर से उसके भांजे और आयोग के वाहन चालक गोपाल सिंह को भी गिरफ्तार किया गया था।
राज्यपाल ने किया निलंबित
कटारा का फोटो नौ महीने तक वेबसाइट पर लगा रहा। उसे राज्यपाल कलराज मिश्र ने शुक्रवार शाम निलंबित किया। इसके बाद आयोग ने कटारा की फोटो हटाई है। हालांकि उसके नाम के नीचे निलंबित लिखा गया है।
यह है कार्रवाई नियम
संविधान के अनुच्छेद 317 के तहत संघ अथवा राज्य लोक सेवा आयोग के किसी सदस्य को हटाने और निलंबित का प्रावधान निर्धारित है। इसके अनुसार अध्यक्ष अथवा सदस्य के मामले में खंड (1) के अधीन उच्चतम न्यायालय को निर्देशित किया गया है। किसी अध्यक्ष अथवा सदस्य का अपनी पदावधि में अपने पद के कर्तव्यों के बाहर सवेतन-नियोजन, दिवालिया, मानसिक-शारीरिक रूप से अक्षम होने पर कार्रवाई का प्रावधान है। यूपीएससी के स्तर पर राष्ट्रपति और राज्य आयोग की दशा में राज्यपाल संबंधित व्यक्ति को पद से तब तक के लिए निलंबित कर सकते हैं जब तक राष्ट्रपति ऐसे निर्देश पर उच्चतम न्यायालय का प्रतिवेदन मिलने पर अपना आदेश पारित नहीं कर देता है।