अजमेर

Rajasthan: अजमेर समेत इन शहरों में 13-14 अप्रेल को 2 दिन नहीं आएगा पानी, इन जगहों पर पाइपलाइन की होगी मरम्मत

बीसलपुर-अजमेर-पुष्कर पेयजल परियोजना के तहत आवश्यक मरम्मत और तकनीकी कार्यों के चलते 30 घंटे का शटडाउन लिया जा रहा है। यह शटडाउन 12 अप्रैल की मध्यरात्रि से शुरू होकर 14 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा।

2 min read
Apr 11, 2026
फाइल फोटो-पत्रिका

अजमेर। बीसलपुर-अजमेर-पुष्कर पेयजल परियोजना के तहत आवश्यक मरम्मत और तकनीकी कार्यों के चलते 30 घंटे का शटडाउन लिया जा रहा है। यह शटडाउन 12 अप्रैल की मध्यरात्रि से शुरू होकर 14 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान जलदाय विभाग द्वारा पाइपलाइन और पम्पिंग सिस्टम से जुड़े कई जरूरी कार्य किए जाएंगे।

अधीक्षण अभियंता रामचंद राड़ के अनुसार, इस अवधि में केकड़ी से नसीराबाद तक बिछाई गई 1600/1500 एमएम एमएस पाइपलाइन पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान वाल्व हटाने, फ्लो मीटर स्थापित करने और विभिन्न स्थानों पर लीकेज की मरम्मत जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा नसीराबाद से अजमेर के एसआर-7 तक जा रही 1300 एमएम पाइपलाइन में भी सुधार कार्य होंगे। साथ ही परियोजना से जुड़े विभिन्न पम्प हाउसों पर रखरखाव और तकनीकी सुधार किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: राजस्थान के सभी जिलों को CM भजनलाल शर्मा ने दिया बड़ा तोहफा, बांदीकुई को मिली 607.66 करोड़ की सौगात

इन क्षेत्रों में दो दिन नहीं आएगा पानी

इस शटडाउन का सीधा असर पेयजल उत्पादन पर पड़ेगा। 13 अप्रैल को करीब 205 एमएलडी और 14 अप्रैल को लगभग 60 एमएलडी पानी का उत्पादन कम रहेगा। इसके चलते अजमेर, ब्यावर, किशनगढ़, नसीराबाद, सरवाड़ और केकड़ी के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 13 और 14 अप्रैल की सुबह की जलापूर्ति बाधित रहेगी।

जलदाय विभाग की अपील

जलदाय विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान पानी का आवश्यक भंडारण कर लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। विभाग का कहना है कि कार्य पूर्ण होते ही जलापूर्ति को सुचारु रूप से बहाल कर दी जाएगी।

गैस पाइप लाइन खुदाई से फूटी पानी की लाइन

दूसरी तरफ अजमेर के वार्ड संख्या 43 में अशोक नगर भट्टा-प्रकाश रोड पर शनिवार को इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के गैस पाइप लाइन खुदाई कार्य के दौरान जेसीबी मशीन से पानी की पाइप लाइन फूट गई। जिससे हजारों गैलन पानी सड़कों और नालियों में बह गया। क्षतिग्रस्त रोड पर लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कतें हुईं।

शिकायत के बावजूद नहीं कार्रवाई

अशोक नगर भट्टा क्षेत्र में खुदाई से गड्ढे हो गए हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को आने-जाने में असुविधा हो रही है। जलदाय विभाग के अधिकारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। नगर निगम में शिकायत के बावजूद कर्मचारी-अधिकारी सड़क दुरुस्त नहीं करा रहे। क्षेत्रवासियों ने संबंधित ठेकेदार पर मनमाने ढंग से कार्य करने का आरोप लगाया है।

ये भी पढ़ें

राम जल सेतु परियोजना : सीएस वी श्रीनिवास ईसरदा बांध पहुंचे, काम पूरा करने की दी तारीख, 35 लाख लोगों तक पहुंचेगा पानी
Updated on:
13 Apr 2026 03:42 pm
Published on:
11 Apr 2026 09:24 pm
Also Read
View All