
अजमेर। अजमेर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध तीर्थनगरी पुष्कर में युवक-युवती के शव मिलने के बाद नया खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि पुष्कर सरोवर में युवक का हाथ थामे जिस लड़की का शव मिला है, वह कुछ समय पहले भी घर छोड़कर भागी थी। इस मामले में लड़की के परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। जांच में जुटी पुलिस ने युवती को तलाश कर परिजनों को सौंप दिया था। लेकिन, अब युवती का शव मिलने के बाद पुलिस ने आशंका जताई है कि ये मामला प्रेम प्रसंग का हो सकता है। ऐसे में पुलिस लव एंगल से पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
बता दें कि शुक्रवार सुबह पुष्कर सरोवर के वल्लभ घाट पर युवक-युवती के शव पानी में तैरते हुए मिले थे। स्थानीय लोगों ने देखा कि मृतक युवक-युवती ने एक-दूसरे का हाथ थाम रखा था। ऐसे में तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुष्कर थाना प्रभारी विक्रम सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए पुष्कर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने आशंका जताई की युवक और युवती ने करीब दो दिन पहले सरोवर में छलांग लगाई होगी, क्योंकि दोनों के शव फूल चुके थे। पुलिस ने मृतकों की पहचान के बाद परिजनों को सूचना भिजवा दी। युवक राज ट्राम्बे स्टेशन और लड़की क्लॉक टावर थाना क्षेत्र अजमेर की रहने वाली थी।
जांच में यह भी सामने आया कि है कि खुदकुशी करने वाली युवती कुछ दिन पहले भी घर छोड़कर चली गई थी। थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने लड़की को दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया था। ऐसे में माना जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग का हो सकता है।
आशंका यह भी जताई जा रही है कि सरोवर में छलांग लगाने से पहले दोनों ने विषाक्त पदार्थ का सेवन किया। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल, पुलिस लव एंगल से पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने आने के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर खुदकुशी के पीछे असली वजह क्या रही?