
अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग की आरएएस प्री परीक्षा के दौरान पेपर में राजस्थान काफी छाया रहा। बाड़मेर में रिफाइनरी, सहित भामाशाह योजना, औद्योगिक विकास, जीएसटी इत्यादि पर कई सवाल पूछे गए। सामान्य ज्ञान और सामान्य विज्ञान के पेपर में राजस्थान के भूगोल, इतिहास, कला एवं संस्कृति, राजनीति, आर्थिक विकास से लेकर प्राचीन लोक मेलों, वाद्य यंत्रों, परम्पराओं और रीति-रिवाजों से जुड़े प्रश्नों के जरिए अभ्यर्थियों का ज्ञान कौशल परखा गया। इसके अलावा देश में आपातकाल से जुड़ा एक सवाल भी पूछा गया।
आयोग ने आरएएस प्रारंभिक परीक्षा-2018 में 150 सवाल पूछे। पेपर में राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय घटनाओं, सम-सामायिकी के अलावा ई-कॉमर्स, जीएसटी, विदेश नीति से जुड़े प्रश्न पूछे गए। पेपर में राजस्थान की झलक भी प्रमुखता से दिखाई दी। इनमें मुख्यमंत्री के नाम से संचालित योजनाओं, राज्यपाल के क्रियाकलाप, विधानसभा की कार्यप्रणाली, लोकायुक्त की जांच, विधानसभा द्वारा निरस्त किए गए जनप्रतिनिधियों के प्रश्न और अन्य विषय शामिल किए गए। वहीं देश में आपातकाल से जुड़े सवाल भी पूछे गए।
राजस्थान के जातियां, भूगोल, कला संस्कृति से जुड़े प्रश्न-किस जिले में अनुसूचित जाति संवर्ग की न्यूनतम संख्या है-गवरी देवी जिस गायन शैली से संबंधित हैं...-गरासिया जनजाति से संबंधित नृत्य है-राजस्थान में मई-जून में उत्पन्न धूल भरी आंधियों के लिए उत्तरदायित्व कारक हैं...
प्रदेश में संचालित योजनाओं के प्रश्न
-पचपदरा बाड़मेर में लगाई जा रही रिफाइनरी किसका संयुक्त उपक्रम है-प्रदेश में कितने प्रतिशत लोगों को भामाशाह योजना का लाभ मिला है-2017 में राजस्थान के कौनसे क्षेत्र में सर्वाधिक कच्चे तेल का उत्पादन हुआ-मार्च 2018 में स्थापित प्रथम मेगा फूड पार्क के बारे में कौनसे कथन सही हैं
विधानसभा, मुख्यमंत्री और राज्यपाल से जुड़े प्रश्न
-कौन सा मुख्यमंत्री नेता प्रतिपक्ष के पद पर नहीं रहा
-लोकायुक्त जांच किन के खिलाफ नहीं होती है
-लोक महत्व के किस विषय पर स्थगन प्रस्ताव आता है
अन्तर्राष्ट्रीय जगत की गतिविधियों के प्रश्न-भारतीय मूल की किस अमरीकी महिला को वाहन निर्माता जनरल मोटर्स का प्रमुख बनाया गया है-पाकिस्तान में प्रधानमंत्री की रेस में शामिल इमरान खान क्यों और किस कारण प्रसिद्ध हैं-हाल में पाकिस्तान में यूसुफ अली किस घटना के कारण मीडिया में प्रसिद्ध हुए-जून में अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उत्तर कोरिया के राष्ट्रपति किम जोंग की मुलाकात कहां हुई
राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रमों, योजनाओं, गतिविधियों से जुड़े प्रश्न
-जस्टिस इंदु मल्होत्रा के न्यायाधीश बनने के बाद सुप्रीम कोर्ट में महिला न्यायाधीशों की संख्या कितनी हो गई है
-प्रधानमंत्री ने कौनसी प्रमुख योजना की शुरुआत राजस्थान से की है
-चुनावी बांड योजना के बारे में कौनसा कथन सही है
-भारत इलेक्ट्रिकल लिमिटेड इसरो के सहयोग से बनाता है...
-भारत के राष्ट्रपति ने अपनी शक्तियों के तहत उद्घोणा की..गंभीर आपात स्थिति के चलते और आंतरिक अशांति से भारत की सुरक्षा को खतरा है..वह हैं...
-इनमें से किन-किन वस्तुओं को जीएसटी के दायरे से बाहर रखा गया है
आरएएस प्रारंभिक का पेपर काफी हद तक संतुलित कहा जा सकता है। इसमें राजस्थान से जुड़े प्रश्न काफी स्तरीय रहे। राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय गतिविधियों, तार्किक और अन्य प्रश्नों की संख्या भी ठीक रही। मेरिट ऊंची जाने की उम्मीद है।
ज्योति राजपूत
पेपर में राजस्थान से जुड़े करीब 45 से 50 प्रश्न आए। यह राजस्थान के अभ्यर्थियों के लिए अच्छा संकेत है। सामान्य ज्ञान और सामान्य विज्ञान के प्रश्न भी स्तरीय रहे। पेपर को संतुलित और सामान्य कहा जा सकता है। तर्क शक्ति और भाषा भाग कुछ कठिन रहा।
रईस
जैसी भर्ती परीक्षा है, उसके अनुसार पेपर बहुत स्तरीय रहा है। राजस्थान के भौगोलिक, ऐतिहासिक और आधुनिक गतिविधियों से जुड़े प्रश्न काफी विस्तार से पूछे गए। राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय गतिविधियों के प्रश्नों का स्तर भी संतुलित रहा है। मेरिट 65 से 70 प्रतिशत तक जा सकती है।
मृत्युंजय कश्यप
प्रदेश में सरकार की महिलाओं से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों पर सवाल पूछे गए। इसके अलावा राजस्थान के भौगोलिक स्तर, कार्यपालिका, विधायिका से जुड़े सवाल भी आए। राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय गतिविधियों पर आधारित प्रश्नों को भी अच्छा स्थान दिया गया है। पेपर काफी हद तक संतुलित कहा जा सकता है।
वंदना शर्मा