
सीबीएसई ने दसवीं-बारहवीं के प्रवेश पत्र पोर्टल पर जारी कर दिए हैं। संबंधित स्कूल बोर्ड के परीक्षा संगम पोर्टल के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इसके बाद नियमित और प्राइवेट विद्यार्थियाें को वितरण करेंगे।
सीबीएसई की दसवीं-बारहवीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होंगी। अजमेर, दिल्ली ईस्ट, दिल्ली वेस्ट, प्रयागराज, नोएडा, चंडीगढ़, पंचकुला, देहरादून, पटना, भुवनेश्वर, गुवाहाटी, भोपाल, पुणे, बेंगलूरू, चेन्नई, विजयवाड़ा, तिरुवनंतपुरम रीजन के अलावा दुबई, शारजाह, नेपाल और अन्य देशों में परीक्षाएं होंगी।
प्रवेश पत्र पर यह सूचनाएं
प्रवेश पत्र पर विद्यार्थियों के रोल नंबर, फोटो, माता-पिता का नाम, परीक्षा केंद्र का नाम, विषयवार कोड, परीक्षा के लिए रिपोर्टिंग समय की जानकारी होगी।
विशेषज्ञों से लीजिए परीक्षा तैयारी और कॅरिअर के टिप्स
अजमेर. दसवीं और बारहवीं की प्रायोगिक और वार्षिक परीक्षाओं के लिए सीबीएसई ने काउंसलिंग सेवा शुरू की है। विद्यार्थी विशेषज्ञों से परीक्षा की योजनाबद्ध परीक्षा की तैयारी, विषय चयन, उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश सहित खान-पान और योग-व्यायाम पर परामर्श लेने में जुट गए हैं।
विद्यार्थियों में मानसिक तनाव, घबराहट और अवसाद को दूर करने के लिए सीबीएसई ने जनवरी-फरवरी में काउंसलिंग शुरू की है। विद्यार्थी टोल-फ्री नम्बर 1800118004 अथवा सीबीएसई के फोन नम्बर, ई-मेल पर सुबह 9.30 से शाम 5.30 बजे तक विशेषज्ञों से संपर्क कर सकेंगे। बोर्ड ने देश-विदेश के स्कूल में 65 विशेषज्ञों, प्राचार्यों, शिक्षकों, और मनोविज्ञानियों को इससे जोड़ा गया है। विद्यार्थी मोबाइल, लैंडलाइन अथवा टोल फ्री नम्बर पर विशेषज्ञों से सलाह ले सकेंगे।
पूछ सकते हैं यह सवाल...
-विषयवार कैसे करें योजनाबद्ध तैयारी-नोट्स बनाने और मुख्य बिंदुओं पर फोकस
-दसवीं की परीक्षा में कैसे दें सटीक उत्तर-बारहवीं की परीक्षा में कैसे लें अच्छे अंक
-उत्तर में डायग्राम और मुख्य बिंदू की महत्ता-परीक्षा के दौरान भोजन और पौष्टिक आहार
-दसवीं के बाद विषय चयन-बारहवीं के बाद कॅरिअर, उच्च संस्थानों में प्रवेश
-परीक्षा के दौरान तनाव मुक्त रहना-मोबाइल और ई-गैजेट्स का कितना करें इस्तेमाल
-3 घंटे में पेपर हल करने के लिए टाइम प्लानिंग
मई में जारी होंगे परिणाम
दसवीं और बारहवीं के नतीजे मई के पहले अथवा दूसरे पखवाड़े में जारी होंगे। इस बार दसवीं की परीक्षाएं 13 मार्च और बारहवीं परीक्षाएं 2 अप्रेल को खत्म हो जाएंगी। लिहाजा बोर्ड को कॉपियों के मूल्यांकन के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र जनवरी अंत अथवा फरवरी में अपलोड किए जाएंगे।