
मृतक पति-पत्नी का फाइल फोटो: पत्रिका
Retired Principle Died In Road Accident: अजमेर के पुष्कर बायपास पर कायड़ विश्राम स्थली के निकट बुधवार शाम को सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ट्रेलर के आगे चल रहे बाइक सवार दंपती के अचानक रुककर दाहिनी तरफ मुड़ने से हुआ। बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर दायीं ओर मुड़ते ही तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आ गए। टायर के नीचे कुचलने से बाइक चालक का सिर हेलमेट सहित धड़ से अलग हो गया। जबकि उनकी पत्नी के कमर के नीचे के हिस्से पर से टायर गुजर गया। दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान भूडोल निवासी सेवानिवृत्त प्रिंसिपल प्रभुलाल रेदास (64) और उनकी पत्नी मैनादेवी (60) के रूप में की गई। प्रभुलाल बुधवार शाम पत्नी के साथ ससुराल पुष्कर के खोरी से बाइक पर अपने अजमेर जिले में गांव भूडोल लौट रहे थे। कायड़ विश्राम स्थली के निकट प्रभुलाल ने दाहिनी तरफ मुड़ने के लिए बाइक को सड़क पर अचानक रोककर मोड़ दी। जिससे पीछे से तेज रफ्तार में आता ट्रेलर उन्हें कुचलते हुए निकल गया। हादसे में हेलमेट पहने प्रभुलाल का सिर हेलमेट सहित धड़ से अलग होकर पत्नी मैनादेवी के बगल में पड़ा रहा। जबकि धड़ ट्रेलर के टायर के साथ 50 फीट दूर तक घिसटता चला गया। मैनादेवी की कमर के नीचे के हिस्से के ऊपर से भी ट्रेलर का टायर गुजर गया। हादसे की भयावहता ऐसी थी कि सड़क पर मांस के लोथड़े चिपक गए।
राहगीर की सूचना पर गेगल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस ने दोनों शवों को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्जकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पत्रिका की पड़ताल में आया कि प्रभुलाल रैदास तीन साल पहले भवानीखेड़ा के सरकारी स्कूल से प्रिंसिपिल पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी पत्नी मैनादेवी को रीढ़ की समस्या थी। वह अपने ससुराल खोरी के निकट कुछ दिन से स्पाइन थेरेपी का इलाज ले रही थी। हादसे के वक्त भी मैनादेवी ने गले में पट्टा पहन रखा था।
विश्राम स्थली के निकट सड़क दुर्घटना में दंपती की मृत्यु हुई है। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। शवों को मोर्चरी में रखवाया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
रोशन सामरिया, थाना प्रभारी, गेगल
Updated on:
16 Jul 2026 09:22 am
Published on:
16 Jul 2026 08:59 am
