अजमेर

भाजपा की संभाग बैठक में बोले नेता : जनसंवाद से ही दूर होगा कृषि बिलों का भ्रम

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी. सतीश ने पार्टी के प्रमुख नेताओं को किया सम्बोधित,किसान आंदोलन को बताया राजनीति से प्रेरित,किसानों को गुमराह करने का आरोप
2 min read
Dec 28, 2020
भाजपा की संभाग बैठक में बोले नेता : जनसंवाद से ही दूर होगा कृषि बिलों का भ्रम
भाजपा की संभाग बैठक में बोले नेता : जनसंवाद से ही दूर होगा कृषि बिलों का भ्रम

अजमेर. भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी.सतीश ने भाजपा पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से कहा कि वर्तमान में कृषि बिलों को लेकर जिस तरह का भ्रम फैलाया जा रहा है, वह जनसंवाद के माध्यम से दूर होगा। जनता से निकटता बनाए रखना जरूरी है। आपसी तालमेल और सामंजस्य के बाद ही जनता से संवाद करें। उन्होंने कहा कि बूथ, मंडल स्तर पर संगठन को और मजबूत करें। उन्होंने निकाय चुनावों की तैयारी में सक्रियता के साथ जुटने का भी आह्वान किया।
किशनगढ़ स्थित अग्रसेन विहार परिसर में भाजपा की संभाग समीक्षा बैठक में वी.सतीश ने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से जो कृषि बिल लाए गए हैं वे किसानों के हित में हैं। यह बात जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को आम जनता तक पहुंचानी है।

कृषि बिल किसान हित में

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब जहां-जहां भी नगर निकाय चुनाव शेष हैं, उसकी तैयारियों में जुट जाएं। सभी जगह भाजपा के बोर्ड बनें, ऐसे सकारात्मक प्रयास होने चाहिए। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार के तीनों कृषि बिल किसानों के हित के लिए हैं। यह बात जनता और किसानों को बताने की जरूरत है। यह कार्य हम सभी को प्राथमिकता से करना होगा।

संगठन की मजबूती से लक्ष्य प्राप्ति संभव

संभाग प्रभारी प्रसन्नचंद मेहता ने संगठन की मजबूती प्रदान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि सामूहिक रूप से काम करेंगे तो संगठन मजबूत बनेगा। टीम भावना के साथ जुटे रहें। बैठक में प्रधानमंत्री के मन की बात को भी सुना गया। पहले सत्र में संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए एवं दूसरे सत्र में पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा की गई। केन्द्र सरकार की योजनाओं का प्रचार व आमजन को लाभान्वित कराने के अलावा राज्य सरकार की विफलताओं को जनता के बीच उजागर करने पर जोर दिया गया। पंचायतीराज चुनाव परिणामों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में यह रहे मौजूद

बैठक में अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी, टोंक सांसद सुखदेवसिंह जोनपुरिया, भीलवाड़ा सांसद सुभाष बहडिय़ा, विधायक अनिता भदेल, विधायक रामस्वरूप लाम्बा, विधायक वासुदेव देवनानी, विधायक शंकरसिंह रावत, विधायक सुरेश रावत, भीलवाड़ा विधायक विठठलचंद अवस्थी, मालपुरा विधायक कन्हैयालाल चौधरी, पूर्व सांसद सी.आर. चौधरी, अजमेर शहर जिलाध्यक्ष प्रियशील हाड़ा, देहात जिलाध्यक्ष देवीसिंह भूतड़ा, प्रदेश मंत्री वंदना नोगिया, ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाणा, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु शर्मा, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी नीरज जैन एवं अन्य नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Updated on:
28 Dec 2020 01:21 am
Published on:
28 Dec 2020 01:21 am