अजमेर

ajmer bypoll: इस अनोखी शवयात्रा देखकर ठिठके लोगों के कदम, फूल बरसा कर यूं जताया शोक

एक कार्यकर्ता ने बकायदा सिर भी मुंडवाया और आगे मटकी में अंगारे लेकर चला।

2 min read
Jan 24, 2018
congress agitation against lpg price hike

दिलीप शर्मा/अजमेर।

कांग्रेस आईटी सेल ने एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में एलपीजी गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रघु शर्मा के समर्थन में जनसंपर्क कर समर्थन जुटाया। किसी भी राजनीतिक दल के आईटी सैल की ओर से इस प्रकार के सामाजिक मुद्दे पर निकाली गई यह पहली शवयात्रा के रूप में रैली थी।

रैली में ट्रॉले में मंच बनाकर रसोई गैस सिलैंडर को शव के प्रतीक के रूप में रखा। उस पर सफेद चद्दर व मालाएं डाल रखी थीं। एक कार्यकर्ता ने बकायदा सिर भी मुंडवाया और आगे मटकी में अंगारे लेकर चला। रैली श्रीनगर रोड स्थित कांग्रेस के मुख्य चुनाव कार्यालय से मार्टिंडल ब्रिज होते हुए स्टेशन रोड पहुंची।

स्टेशन रोड से क्लाक टावर होते हुए गांधी भवन चौराहे पर सभा में तब्दील हो गई। यहां पर आईटी सैल के प्रदेशाध्यक्ष दानिश अबरार व विशाल मीणा ने भी संबोधित किया। रैली में एआईसीसी के सचिव विवेक बंसल, पीसीसी सचिव महेन्द्र सिंह रलावता, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन, जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास, क्रांति तिवारी, विक्रम वाल्मीकि, सुनील पारवानी,पूर्व विधायक ललित भाटी, महासचिव शिव कुमार बंसल, गिरधर तेजवानी, सबा खान, मंजू बलाई, अभिलाषा, अरुणा, रेनू मेघवंशी व नवीन सोनी आदि मौजूद रहे।

दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने सामने हुए
गांधी भवन चौराहे पर जैसे ही कांग्रेस की रैली पहुंची वहां पहले से भाजपा के कार्यकर्ता भी मौजूद थे। कुछ समय के लिए आमने सामने की स्थिति बन गई। दोनों ओर से समर्थकों व कार्यकताओं ने अपनी अपनी पार्टी के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में वरिष्ठ नेताओं की समझाइश के बाद दोनों ही दलों के समर्थक वहां से हटे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन ने आरोप लगाया कि पुलिस मौके पर व्यवस्था संभालती तो ऐसी स्थिति नहीं बनती लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही। दोनों ही दलों के वरिष्ठ नेता समय पर समझाइश नहीं करते तो स्थिति बिगड़ सकती थी।

गैस सिलेंडर की शव यात्रा निकाली

केंद्र सरकार द्वारा गैस सिलेण्डरों की दरों में वृद्धि करने व सब्सिडी खत्म करने के विरोध में कांग्रेस की ओर से मंगलवार को पूर्व चिकित्सा मंत्री राजेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में सिलेंडर की शव यात्रा (रैली) निकाली गई। रैली फ्रामजी चौक से प्रारंभ होकर हनुमान चौक, मुख्य बाजार होती हुई पांचबत्ती से स्टेशन रोड होकर उपखण्ड कार्यालय पहुंची जहां सिलेंडर का बैनर जलाया गया। इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय गौड़, मौहम्मद हुसैन खान, राहुल गुर्जर, किशोर गुर्जर, अनिल गुर्जर, फरहान खान, योगेश परिहार, देवीलाल, प्रेम पथरिया सहित कई कांग्रेसी उपस्थित थे।

पुष्कर में निकलेगी रैली
पुष्कर में कांगे्रस पार्टी की ओर से बुधवार दोपहर 1 बजे गैस सिलेंडर की शव यात्रा (रैली) निकालकर भाजपा की नीतियों का विरोध किया जाएगा। इस को लेकर प्रभारी जगदीश नारायण शर्मा ने बैठक ली। बैठक में यह तय किया गया कि पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री नसीम अख्तर, मंजू मेघवाल, बगरू की पूर्व विधायक गंगादेवी के निर्देशन में यह शवयात्रा गुरुद्वारा बस स्टैंड से ब्रह्मा मंदिर तक निकाली जाएगी।

Published on:
24 Jan 2018 07:44 am
Also Read
View All