9 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अजमेर में ट्रैक्टर चालक की स्टंटबाजी ने ली युवक की जान: पहले टक्कर मारी, फिर बैक लेकर दोबारा चढ़ाया

अजमेर जिले के केकड़ी में दीपावली की रात ट्रैक्टर चालक ने मुकेश जांगिड़ को पहले टक्कर मारी, फिर बैक लेकर दोबारा कुचल दिया, जिससे युवक की मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अजमेर

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 9 Nov 2026, 3:26 PM IST

ajmer kekri tractor stunt accident

मृतक मुकेश जांगिड़ (पत्रिका फोटो)

Ajmer Kekri Tractor Stunt Accident: केकड़ी (अजमेर): दीपावली की रात अजमेर जिले के केकड़ी शहर में दीप जल रहे थे, घरों में खुशियां मनाई जा रही थीं, लेकिन अजमेर रोड पर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला खौफनाक मंजर सामने आया। स्टंटबाजी के उन्माद में एक ट्रैक्टर चालक ने हिंगतड़ा निवासी मुकेश जांगिड़ को बेरहमी से कुचल दिया। मामला महज टक्कर का नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक ने पहले मुकेश को टक्कर मारी, फिर ट्रैक्टर पीछे लिया और दोबारा उसके ऊपर चढ़ा दिया।

आगे और पीछे के पहिए युवक के शरीर से गुजर गए। इसके बाद चालक तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गया। मोबाइल कैमरे में कैद इस भयावह घटनाक्रम के सामने आने के बाद शहर में आक्रोश की आग भड़क उठी है। सवाल अब केवल एक ट्रैक्टर चालक का नहीं, बल्कि उस पूरे सिस्टम का है, जिसकी मौजूदगी के बावजूद सड़कों पर वर्षों से उद्दंडता का खेल चलता रहा।

पहले कुचला, फिर बैक लेकर दोबारा चढ़ाया ट्रैक्टर

रविवार रात दीपावली मनाने के लिए गांव आया मुकेश जांगिड़ केकड़ी से अपने गांव हिंगतड़ा जाने का साधन नहीं मिलने पर अजमेर रोड स्थित रिश्तेदार के घर पैदल जा रहा था। बेंगलुरु में काम करने वाला मुकेश शायद इस बात से अनजान था कि जिस सड़क पर वह अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा है, वही उसकी जिंदगी का आखिरी रास्ता बन जाएगी।

इसी दौरान स्टंटबाजी कर रहे एक ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मारने के बाद वाहन पीछे लिया और फिर दोबारा मुकेश के ऊपर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर के आगे और पीछे के पहिए युवक के ऊपर से गुजर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह तेज रफ्तार से भाग निकला।

घटनास्थल पर मौजूद एक युवक के मोबाइल कैमरे में पूरा घटनाक्रम कैद हो गया। वायरल वीडियो में ट्रैक्टर चालक की कथित करतूतों को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। वीडियो ने शहरवासियों को झकझोर दिया है और इस घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालों की बौछार शुरू हो गई है।

वर्षों से सड़कों पर चल रहा मौत का खेल, प्रशासन आखिर किस इंतजार में था?

केकड़ी में दीपावली के दिन ट्रैक्टरों की रैलियां और उनमें स्टंटबाजी पिछले कुछ वर्षों से लगातार बढ़ रही है। ट्रैक्टरों पर तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम, सड़कों पर तेज रफ्तार, अचानक मोड़ काटना और खतरनाक करतब दिखाना मानो त्योहार का हिस्सा बना दिया गया है। लेकिन यह उत्सव नहीं, सड़कों पर खुलेआम सुरक्षा से खिलवाड़ है। आम नागरिकों की आवाजाही के बीच बेकाबू ट्रैक्टर दौड़ाना, राहगीरों को जोखिम में डालना और यातायात नियमों को ठेंगा दिखाना आखिर किस अधिकार से किया जा रहा है? क्या सार्वजनिक सड़कें किसी की निजी स्टंटबाजी का मैदान हैं? क्या शहर की सड़कों पर आम नागरिकों की सुरक्षा की कोई कीमत नहीं?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ये गतिविधियां पिछले कई वर्षों से जारी थीं, तो पुलिस प्रशासन ने इन्हें रोकने के लिए पहले से प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की? क्या ट्रैक्टर रैलियों की निगरानी, खतरनाक स्टंटबाजी पर रोक और यातायात नियंत्रण के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं थी?

पुलिस की मौजूदगी का मतलब सुरक्षा या सिर्फ औपचारिकता?

मुकेश की मौत के बाद पुलिस प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल उठना लाजिमी है। शहरवासियों का आरोप है कि यदि समय रहते उद्दंड युवकों पर सख्ती की जाती, ट्रैक्टरों की खतरनाक गतिविधियों पर रोक लगाई जाती और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होती, तो शायद यह दिन देखने को नहीं मिलता। यह सवाल अब और तीखा हो गया है कि क्या पुलिस प्रशासन को सड़कों पर चल रहा यह खतरनाक खेल दिखाई नहीं देता था, या इसे रोकने के लिए इच्छाशक्ति की कमी थी?

त्योहारों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। लेकिन जब सड़कों पर तेज रफ्तार और स्टंटबाजी के बीच किसी युवक की जिंदगी कुचल दी जाती है, तब केवल घटना के बाद मुकदमा दर्ज करना पर्याप्त नहीं माना जा सकता।

रिपोर्ट दर्ज, आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर

मृतक के परिजनों ने केकड़ी शहर पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक ट्रैक्टर चालक पुलिस की पकड़ से दूर बताया जा रहा है। अब शहर की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। आरोपी की गिरफ्तारी, घटना के वीडियो की जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है।

घास भैरू की सवारी से पहले प्रशासन के लिए खतरे की घंटी

दीपावली पर हुई इस दर्दनाक घटना ने आगामी घास भैरू की सवारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चेतावनी दे दी है। यदि अभी भी प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो त्योहारों के नाम पर होने वाली उद्दंडता और उपद्रव किसी अन्य परिवार की खुशियां छीन सकता है।

एक मौत, कई सवाल और प्रशासन के सामने कठघरा

मुकेश जांगिड़ की मौत ने शहर के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक युवक दीपावली मनाने घर आया था, लेकिन वापस अपने काम पर लौटने के बजाय उसकी अर्थी उठ गई। एक परिवार का चिराग बुझ गया। खुशियों का पर्व मातम में बदल गया। अब सवाल यह नहीं कि हादसा कैसे हुआ, सवाल यह है कि ऐसी नौबत आने ही क्यों दी गई? क्या प्रशासन इस मौत को चेतावनी मानकर सड़कों पर चल रहे ट्रैक्टरों के तांडव पर लगाम लगाएगा, या फिर अगली दुर्घटना तक इंतजार करेगा?

इनपुट: पीयूष राठी