अजमेर

Rajasthan: ‘कांग्रेस ने देश को लूटा और बर्बाद किया’, सीपी जोशी का गांधी परिवार पर निशाना; जानें और क्या कहा?

Rajasthan News: भारतीय जनता पार्टी (राजस्थान) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सीपी जोशी ने अजमेर में आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस और गांधी परिवार पर जमकर निशाना साधा।
2 min read
Sep 22, 2025
CP Joshi
फोटो- पत्रिका नेटवर्क

Rajasthan News: भारतीय जनता पार्टी (राजस्थान) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सीपी जोशी ने अजमेर में आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस और गांधी परिवार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया 'मां की बात' उद्बोधन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह देश की करोड़ों आबादी के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।

सीपी जोशी ने केंद्र सरकार की नीतियों, विशेषकर जीएसटी सुधारों की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि आज देश की 99% वस्तुएं 0 से 5% टैक्स स्लैब में आ चुकी हैं, जिससे आम जनता, व्यापारियों और किसानों को अभूतपूर्व राहत मिली है।

राहुल गांधी पर पलटवार

राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'सबसे कमजोर प्रधानमंत्री' कहने वाले ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए जोशी ने कहा कि कांग्रेस नेता दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपनी पार्टी के इतिहास को देखें। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश को लूटा और बर्बाद किया। जोशी ने दावा किया कि कांग्रेस ने चीन को हजारों हेक्टेयर जमीन सौंप दी, कश्मीर में धारा-370 लागू कर उसे भारत से अलग करने की कोशिश की और इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र (यूएनओ) में ले जाकर देश की छवि को धूमिल किया।

उन्होंने कहा कि 60 वर्षों तक कांग्रेस ने धर्म, जाति और पंथ के आधार पर देश को बांटा और आर्थिक रूप से कमजोर किया। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री मोदी ने केवल 11 वर्षों में देश को एक परिवार मानकर विकास की नई गाथा लिखी है। जोशी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गांधी परिवार को ही देश माना, जबकि मोदी ने समूचे भारत को प्राथमिकता दी।

GST सुधार- आम जनता को राहत

सीपी जोशी ने जीएसटी को देश के सबसे बड़े टैक्स सुधारों में से एक बताते हुए कहा कि इससे खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर घरेलू उत्पादों तक 90-99% चीजें सस्ती हो गई हैं। उन्होंने बताया कि पहले 28% और 18% टैक्स स्लैब में आने वाली वस्तुओं पर अब केवल 12% या 5% टैक्स लगता है।

सीपी जोशी ने सीमेंट, बीमा, जीवन रक्षक दवाइयां और कृषि उपकरणों पर दी गई छूट से न केवल आम आदमी को लाभ हुआ है, बल्कि किसानों और व्यापारियों के लिए भी यह वरदान साबित हुआ है। जोशी ने इसे प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धि करार देते हुए कहा कि यह कदम हर वर्ग के चेहरे पर खुशहाली लाने में सफल रहा है।

वाहन और निर्माण सामग्री पर छूट

जीएसटी सुधारों का जिक्र करते हुए जोशी ने कहा कि मोटरसाइकिल और कार जैसी वस्तुओं पर 10% टैक्स छूट कोई मामूली उपलब्धि नहीं है। उन्होंने सीमेंट की बोरी का उदाहरण देते हुए बताया कि इसकी कीमत 28% टैक्स स्लैब से घटकर 18% हो गई है। इसके अलावा, बीमा पॉलिसियों और जीवन रक्षक उपकरणों पर टैक्स को शून्य से 5% तक सीमित करना एक क्रांतिकारी कदम है।

जोशी ने कहा कि यह सुधार न केवल मध्यम वर्ग और व्यापारियों के लिए, बल्कि गृहिणियों और किसानों के लिए भी लाभकारी है। उन्होंने इसे 'विकास का असली मॉडल' करार देते हुए कहा कि मोदी सरकार की नीतियों ने हर वर्ग को समृद्ध बनाने का काम किया है।

मोदी सरकार की उपलब्धियां

जोशी ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने न केवल आर्थिक सुधार किए, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को भी बढ़ावा दिया। जोशी ने दावा किया कि जहां कांग्रेस ने देश को बांटने का काम किया, वहीं मोदी सरकार ने 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र को साकार किया।

Updated on:
22 Sept 2025 11:51 am
Published on:
22 Sept 2025 11:50 am