
किशनगढ़ एयरपोर्ट के आनन-फानन में उद्घाटन करने व इसका श्रेय लेने के प्रयास को कांग्रेस ने मुख्यमंत्री की ओछी सोच का परिचायक बताया है। कांग्रेस का कहना है कि फीता चाहे भाजपा काट ले लेकिन एयरपोर्ट पर ठप्पा कांग्रेस का ही रहेगा। कांग्रेस ने अजमेर में एयरपोर्ट के लिए सर्वाधिक प्रयास करने वाले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट की अनदेखी करने की निंदा की है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन ने पटेल मैदान के इंडोर स्टेडियम में एक संवादाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि अजमेर में 20 साल सांसद रहने के बावजूद भाजपा सांसद एयरपोर्ट नहीं बनवा सके। पायलट के कार्यकाल में ही एयरपोर्ट निर्माण की आधारशिला रखी और इसमें आ रही तकनीकी व सुप्रीम कोर्ट तक स्वयं रुचि लेकर कानूनी बाधाओं को स्वयं रुचि लेकर दूर करवाया और इसके निर्माण की राह खोली। हवाई अड्डे को सिर्फ सचिन पायलट की देन बताया। उन्होने कहा कि उपचुनाव के मद्देनजर भाजपा इसका श्रेय लेने की होड़ में है।
संवाददाता सम्मेलन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेश टंडन ने कहा कि पायलट ने केन्द्र सरकार से 145 करोड़ रुपए स्वीकृत करवाकर 745 एकड़ भूमि में स्थापना की व तत्कालीन पीएम मनमोहन सिंह से शिलान्यास करवाया। पूर्व मंत्री ललित भाटी ने कहा कि अजमेर में एयरपोर्ट की जनक कांग्रेस है। वर्ष-1998 में गहलोत सरकार के कार्यकाल में राहत कार्यों के दौरान एयरपोर्ट की स्ट्रिप का निर्माण करवाया यह कांग्रेस की सोच थी जिसने अब हवाई अड्डे का मूर्त रूप लिया। कांग्रेस कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों पर भाजपा फीते काटने में लगी है।
आदर्श नगर में सेटेलाइट हॉस्पिटल , सरस्वती स्कूल के पास रेलवे ओवर ब्रिज कांग्रेस की देन है, नाम भले ही कर लो सोच कांग्रेस की है। पूर्व महापौर कमल बाकोलिया ने कहा कि पायलट ने दो हवाई अड्डों के बीच 150 किलोमीटर की दूरी का बेरियर को भी हटवा कर हवाई अड्डे के निर्माण की राह आसान की। पायलट ने भूमि अधिग्रहण के विवादों की जल्द पैरवी करवा कर इनका निपटारा करवाया। सम्मेलन में प्रवक्ता मुजफ्फर भारती, अंकुर त्यागी, सुकेश कांकरिया, कमल गंगवाल, श्याम प्रजापति, गुलाम मुस्तफा, प्रमिला कौशिक, सबा खान, वरिष्ठ कांग्रेसजन व कार्यकर्ता पदाधिकारी मौजूद रहे।
पायलट ने ही शुरू करवाया था काम, झूठा श्रेय ले रही भाजपा
कि शनगढ़ एयरपोर्ट केवल सचिन पायलट की देन है। पायलट ने विभागों से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक प्रकरण में व्यक्तिगत रुचि लेकर तमाम अड़चनों को दूर करवाया। यह बात देहात जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड़ ने बयान में कही। उन्होंने कहा कि शिलान्यास पूर्व प्रधानमंत्री ने किया भाजपा केवल फीता काटकर इसका श्रेय लेने के प्रयास में है। कांग्रेस ने जहाँ प्रधानमंत्री को बुलाकर इस एयरपोर्ट और जिले का मान बढ़ाया वही भाजपा को सिर्फ मुख्यमंत्री और केंद्र के एक राज्यमंत्री से काम चलाना पड़ा।
मुख्यमंत्री के पत्थर लगाने के बयान पर राठौड़ ने कहा कि दो हवाई अड्डों के बीच 130 किमी की दूरी होनी अनिवार्य है लेकिन किशनगढ़ व जयपुर में 100 किलोमीटर की दूरी के बावजूद इसे यहां स्थापित कराया जा सका। भूमि अधिग्रहण संबंधी अनेक बाधाओं को अदालत से जल्द निस्तारित करवाया और भूमिगत विद्युत लाइन के लिए अतिरिक्त बजट दिलवाया। हवाई अड्डा शुरू होने पर विधायक रामनारायण गुर्जर, रघु शर्मा, नाथूराम सिनोदिया, महेन्द्र गुर्जर, राजू गुप्ता, राकेश शर्मा, महमूद खान, कानाराम चोटिया, आदि नेपायलट का आभार जताया है।