अजमेर

युवती के अपहरण का मचा हंगामा, निकला कांट्रेक्ट मैरिज का विवाद

वैशाली नगर अरबन हाट के सामने हुआ विवाद
less than 1 minute read
• •
Updated: 14 Oct 2019, 4:00 AM IST
युवती के अपहरण का मचा हंगामा, निकला कांट्रेक्ट मैरिज का विवाद
युवती के अपहरण का मचा हंगामा, निकला कांट्रेक्ट मैरिज का विवाद

अजमेर. वैशाली नगर अरबन हाट के सामने रविवार रात एक युवती ने अपहरण का शोर मचा दिया। उसको कुछ युवक व महिला जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास करते नजर आए। भीड़ जुटी तो पुलिस भी पहुंच गई। पड़ताल में सामने आया कि युवती को लेने आए लोग नागौर जिले के पादूकलां थाना क्षेत्र के हैं। इनमें से एक युवक का युवती से दो दिन पहले विवाह तय हुआ बताया, लेकिन युवती रविवार शाम गच्चा देकर अजमेर भाग आई।

पुलिस के अनुसार पादूकलां के कंवरियास निवासी रामनिवास ने बिचौलिए की मदद से अजमेर के रातीडांग क्षेत्र निवासी युवती से 2 लाख रुपए में शादी तय की थी। इसके चलते रामनिवास के भाई डालूराम जाट ने 1 लाख रुपए युवती के परिवार को बतौर एडवांस दे दिए। शनिवार को रामनिवास युवती को अपने साथ गांव ले गया। रविवार शाम अचानक युवती ने बाजार चलने की जिद्द की। रामनिवास अपनी भाभी के साथ युवती को पादूकलां लेकर आ गया। यहां खरीद-फरोख्त के दौरान युवती गच्चा देकर निकल गई। रामनिवास और उसकी भाभी उसको तलाशते हुए अजमेर आ पहुंचे। यहां युवती बालक के साथ अरबन हाट के सामने से गुजरते हुई नजर आई। डालूराम और उसकी पत्नी ने उसको पकड़ जीप में बैठाना चाहा। इसी दौरान युवती ने शोर मचा दिया। क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस में युवती ने शिकायत देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने डालूराम को शांतिभंग में गिरफ्तार कर बोलेरो जब्त कर ली।

बिहार की है युवती

थानाधिकारी दिनेश कुमावत के अनुसार प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि युवती बिहार की रहने वाली है। वह दिल्ली में परिवार के साथ रहती है,लेकिन पिछले कुछ समय से वैशालीनगर रातीडांग क्षेत्र रह रही है। पिछले दिनों बिचौलिए ने युवती का विवाह पादूकलां निवासी रामनिवास पुत्र रतनाराम से दो लाख रुपए में तय किया था।

Published on: