अजमेर

Corona Crime: गश्त करती पुलिस टीम से मारपीट, छह गिरफ्तार

झुग्गी झौंपडिय़ों में मिली पर्याप्त खाद्य सामग्री।
2 min read
Apr 20, 2020
attack on police in ajmer
attack on police in ajmer

अजमेर.

पत्रकार कॉलोनी कोटड़ा में गश्त करती पुलिस टीम से झुग्गी झौंपड़ी में रहने वाले लोगों ने मारपीट कर दी। पुलिस ने हंगामा और मारपीट करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सर्च अभियान भी चलाया। इस दौरान लोगों के पास पर्याप्त खाद्य सामग्री मिली।

कोटड़ा इलाके में मध्यप्रदेश और अन्य इलाकों के श्रमिक परिवार झुग्गी-झौंपडिय़ों में रहते हैं। दो-तीन से भामाशाह के खाद्य सामग्री वितरण के दौरान मारपीट और लॉकडाउन की पालना नहीं होने की शिकायत पुलिस को मिल रही थी। क्रिश्चयनगंज थाने से जाप्ता और सिग्मा टीम मौके पर पहुंची।

पुलिसकर्मियों पर हमला
झुग्गी-झौंपड़ी में रहने वाले लोगों ने सिग्मा टीम और पुलिस जाप्ते पर हमला कर दिया। उन्होंने पुलिस टीम से मारपीट और धक्का-मुक्की की। इस पर थाना प्रभारी दिनेश कुमावत और पुलिसकर्मियों ने हुड़दंग मचाते लोगों को हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा।

इन्हें किया गिरफ्तार

पुलिस ने गुन्नौर थाना कंकरेटा एमपी निवासी राजकुमार (42) पुत्र पंचम, पलका थाना निवासी फलहारे (46) पुत्र किशोरीलाल, पन्ना जिला निवासी हरिचरण (33) पुत्र मरुवा, समाना थाना करकेटी निवासी राजवीर (20) पुत्र भूरा, भमौरी थाना अमानगंज निवासी कैलाश (20) पुत्र पलमान और पन्ना जिला निवासी जीतू (19) पुत्र हक्का को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कांस्टेबल किशनसिंह की रिपोर्ट पर लॉकडाउन का उल्लंघन, राजकार्य में बाधा और आपराधिक प्रकरण दर्ज किया।

मिला झौंपडिय़ों में पर्याप्त सामान
पुलिस ने झौंपडिय़ों में सर्च अभियान चलाया। लोगों के पास आटे के कट्टे, दालें, चावल, मसाले और अन्य सामान मिला।कई भामाशाह इन्हें खाद्य सामग्री पहुंचा रहे थे। जांच में इनके पास पर्याप्त सामग्री मिली है। पुलिस इस मामले की रिपोर्ट जिला प्रशासन को देगी। ताकि भविष्य में प्रशासन ही सामग्री वितरण करे।


पुलिस टीम से मारपीट के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। सर्च अभियान में लोगों के पास पर्याप्त सामग्री भी मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिनेश कुमावत, थाना प्रभारी क्रिश्चयनगंज

Published on:
20 Apr 2020 08:06 am