जिले में संक्रमितों की संख्या हुई 208, कोरोना पॉजिटिव की अजमेर में मौतें जारी, रोजाना कोरोना पीडि़तों की जांच रिपोर्ट आ रही पॉजिटिव, अजमेर जिले का एक भी उपखंड क्षेत्र नहीं रहा अछूता
ajmer अजमेर. जिले में कोरोना ने पांव पसार लिए हैं। जिले का एक भी उपखंड शेष नहीं बचा। अब तो गांव-ढाणी तक कोरोना रोगी मिल रहे हैं। अजमेर का जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या कम ही नहीं हो रही। जिले के कई स्थानों पर क्वॉरंटीन सेंटर अलग बने हुए हैं। मंगलवार को बीते 24 घंटे में चार संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। इनमें दो अजमेर शहर, एक किशनगढ़ एवं एक रियांबड़ी (नागौर) निवासी शामिल है।
एक ही दिन में 56 पॉजिटिव केस
केकड़ी. केकड़ी में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को तीन पुलिसकर्मी सहित कुल 11 जनों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। राजकीय जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. गणपतराज पुरी ने बताया कि संक्रमितों में केकड़ी थाने में कार्यरत 2 पुलिसकर्मी, एक आरएसी जवान व एक खानसामा, काजीपुरा निवासी 38 वर्षीय महिला, छगनपुरा निवासी 30 वर्षीय महिला, निजी फैक्ट्री में काम करने वाले दो युवक, ताजपुरा निवासी एक प्रसूता एवं बघेरा फिल्टर प्लांट पर कार्यरत दो श्रमिक शामिल है।
कटारिया ग्रीन्स में शिफ्ट
पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त होते ही एम्बुलेंस की सहायता से सभी संक्रमितों को अजमेर रोड पर कटारिया ग्रीन्स में बनाए गए कोविड केयर सेन्टर में शिफ्ट कर दिया गया। मंगलवार को संक्रमितों के सम्पर्क में आने वाले कुल 95 जनों के सैम्पल जांच के लिए अजमेर भिजवाए गए है।
रेंडम सैम्पलिंग पर रहेगा फोकस
उपखण्ड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह पुरोहित ने कहा कि कोरोना से प्रभावित लोगों का पता लगाने के लिए रेंडम सैम्पलिंग पर फोकस किया जा रहा है। मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में उन्होंने कहा कि रेंडम सैंम्पलिंग के लिए विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम संभावित सुपर स्प्रेडर के सैम्पल लेगी। इनमें दूध डेयरी, थड़ी चालक, बड़े दुकानदार, फल-सब्जी विक्रेता आदि को शामिल किया गया है। इसी के साथ कोविड केयर सेन्टर में रखे गए सभी लोगों को अच्छी गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराने के लिए पीएमओ डॉ. गणपतराज पुरी एवं सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अधिशासी अधिकारी सीता वर्मा को निर्देशित किया गया।
कटारिया ग्रीन्स में संचालित कोविड केयर सेन्टर की सीमित क्षमता
अजमेर रोड स्थित कटारिया ग्रीन्स में संचालित कोविड केयर सेन्टर की सीमित क्षमता को देखते हुए अन्यत्र स्थान पर अतिरिक्त कोविड केयर सेन्टर बनाने का निर्णय किया गया। इसके लिए नायब तहसीलदार श्रवण सिंह राठौड़ व विकास अधिकारी कुशलेश्वर सिंह को स्थान चयन का जिम्मा सौंपा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयनारायण मीणा ने कहा कि पुलिसकर्मियों में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है। इसी के साथ कस्बे की शांति व कानून व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए अजमेर से अतिरिक्त पुलिस बल केकड़ी बुलवाया गया है।
ब्यावर में बढ़ रहा कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा
ब्यावर. शहर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार शाम आई रिपोर्ट में नौ नए कोरोना संक्रमित सामने आए है। कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 208 तक पहुंच गया है। संक्रमितों के लगातार बढ़ते आंकड़े को देखते हुए प्रशासन की ओर से प्रतिदिन सामाजिक दूरी की पालना करवाने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर कार्रवाई की जा रही है।
राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय के अनुसार मंगलवार को गोपालजी मोहल्ला, जालिया रोड, नीमड़ी खेडा, तेजा चौक, न्यू गायत्री नगर, छावनी, चम्पानगर एवं मसूदा का संक्रमित सामने आया है। मंगलवार को संक्रमित आने वालें सात युवा है। जबकि एक बुजुर्ग एवं एक अधेड़ शामिल है। कोरोना संक्रमितों की सूची आने के बाद उन्हें कोविड केयर सेंटर लाकर भर्ती कराएं जाने के लिए टीमें रवाना की गई। शहर में अलग-अलग क्षेत्रों से लगातार संक्रमित सामने आ रहे है। अलग-अलग क्षेत्रों से संक्रमित सामने आने के चलते अब क्षेत्रों में आवाजाही को लेकर लोगों को सजग रहने के लिए सचेत कर रहे है।
तीन को किया रेफर
ब्यावर चिकित्सालय को रिपोर्ट मिलने के बाद नौ मेंसे तीन को रेफर कर दिया गया। इनमें एक को अजमेर एवं दो को जयपुर ले गए। कोरोना संक्रमितों के बढ़ते आंकड़े को देखते हुए प्रशासन की ओर नियमित रुप से सेंपल लिए जा रहे है। संक्रमितों के सम्पर्क में आए लोगों के स्वास्थ्य की भी जांच की गई।
43 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सैम्पल
मसूदा. क्षेत्र में कोरोना संक्रमण को रोकने को लेकर मंगलवार को कस्बे में करीब 43 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सैम्पल लिए गए। कस्बे के राजकीय चिकित्सालय में मंगलवार को उपखंड अधिकारी मोहन लाल खटनावलिया व मसूदा तहसीलदार प्रभात त्रिपाठी ने कोरोना टेस्ट के लिए नमूने देकर कोरोना की जांच से नही डरने का संदेश दिया।
साथ ही तीन सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों की जांच के लिए भी नमूने लिए गए। चिकित्सालय में लेब टेक्निशयन राजेन्द्र मारोठिया एवं वरूण ने पीपीई किट के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नमूने लिए जो अजमेर जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय भेजे दिए।
मसूदा में मंगलवार को एक कस्बेवासी के सोमवार को ब्यावर में एक ऐसे स्थान पर गया, जहां एक ही परिवार के सदस्यों को होम आइसोलेशन कर रखा था। कस्बे के कुछ लोगों को इसकी जानकारी मिलने पर चिकित्सा विभाग एवं प्रशासन को शिकायत की। जिस पर चिकित्सा विभाग ने उसके व परिजन के नमूने लिए हैं।
कोविड-19 को लेकर लोगों में बढ़ी चिंता
मदनगंज-किशनगढ़. किशनगढ़ के शहरी क्षेत्र का एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति की अजमेर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई, जबकि कोरोना संक्रमण के दो और नए केस आए है। दोनों कोरोना संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर लिया गया है। गत दिनों चमड़ाघर इमामबाड़ा के सामने क्षेत्र निवासी किडनी रोगी करीब 47 वर्षीय युवक की अजमेर जेएलएन चिकित्सालय में उपचार के दौरान कोरोना जांच के लिए सैम्पल लिए गए थे। कोरोना जांच रिपोर्ट तीन दिन पहले पॉजिटिव आ गई। किडनी रोगी और कोरोना संक्रमित युवक को जेएलएन चिकित्सालय में ही भर्ती कर लिया गया। मंगलवार दोपहर को उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। अजमेर में ही मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
पिता के बाद पुत्र भी चपेट में
वहीं अभी हाल में कोरोना संक्रमित हुए एक वकील और विद्युतकर्मी पिता के बाद अब परिवार में ही एक और 35 वर्षीय युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। यह युवक और वकील विद्युतकर्मी के पुत्र ही है। इसी तरह रूपनगढ़ रोड आरओबी के पास स्थित एक होटल में मध्यप्रदेश से काम करने के लिए आए 22 वर्षीय युवक की जांच रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। कोरोना संक्रमित हुए 35 वर्षीय युवक और 22 वर्षीय होटलकर्मी युवक को फिलहाल कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर दिया गया है। राजकीय यज्ञनारायण चिकित्सालय प्रबंधन ने मंगलवार को कोरोना जांच के लिए 95 सैम्पल लिए और अजमेर भेज दिया, जबकि पूर्व मेें भेजी गई 106 रिपोर्टे नेगेटिव आई है।
मंगलवार को सर्वाधिक अजमेर शहर के केस
अजमेर शहर अजमेर जिले में मंगलवार को एक साथ 56 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें सर्वाधिक अजमेर शहर के हैं। इनमें अजमेर में दरगाह क्षेत्र, आदर्शनगर किडजी स्कूल के पास, अजयनगर में 3, हाथीखेड़ा 2, शिवनगर बिहारीगंज, रामभवन अजमेर, कृष्णविहार कॉलोनी बी. के. कौल, कालू की ढाणी में 2, मीरशाली इन्द्रा कॉलोनी, पहाडग़ंज अजमेर, सरसंवती नगर धोलाभाटा में 3, भांवत, बड़ी नागफणी, ज्योतिनगर फॉयसागर रोड, राधाविहार पुष्कर में 4, पंचशील महिला कॉलोनी, ओसवाल इंडस्ट्री, फिल्टर प्लांट 2, हजारीबाग, एसएसईटीएमसी, आरपीएससी, रेलवे हॉस्पिटल में 2, सिनेवल्र्ड हरिभाऊ उपाध्यायनगर, झूलेलाल कॉलोनी में पििॉजटवि केस आए हैं। इसी तरह पुष्कर में एक, मेवदाकलां व सररवाड़ में भी पॉजिटिव केस आए हैं। इसी तरह नसीराबाद में भी कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है।