
पुलिस महानिदेशक मनोज भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार व पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील है। प्रदेश में उत्तर प्रदेश की तर्ज पर संभाग मुख्यालयों पर एंटी रोमियो स्क्वायड बनाए जाएंगे। संभाग मुख्यालय पर चौराहों, गल्र्स कॉलेज और स्कूलों के बाहर एंटी रोमियो स्वाक्यड सुरक्षा के लिए तत्पर रहेगा। लेकिन उसके लिए पहले फंड, उपकरण व प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
अजमेर आए डीजीपी भट्ट ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एंटी रोमियो स्क्वायड गठन से पहले महिला आरक्षियों का चयन, प्रशिक्षण व साधन मुहैया करवाया जाएगा। कालांतर में सब जगह स्क्वायड गठन का लक्ष्य है।
लगातार जारी रहेगी पदोन्नति
डीजीपी भट्ट ने कहा कि राजस्थान पुलिस में पांच साल से बंद पदोन्नति को शुरू कर जवानों को हौसला बढ़ाया है। अब तक 12 हजार पुलिस कर्मियों को 2016 तक पदोन्नति मिल चुकी है। कुछ नवाचार किए हैं कुछ अभी प्रक्रिया में है। साल 2017-18 की पदोन्नतियां भी पूरी की जाएगी।
जुलाई में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर
डीजीपी भट्ट ने कहा कि स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर सरकार का बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री ने जयपुर में इसकी शुरुआत की जिसका लाभ पुलिस को अपराध नियंत्रण और ट्रेफिक व्यवस्था में मिलने लगा है। जुलाई तक प्रदेश के सभी संभाग मुख्यालय पर भी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर शुरू हो जाएंगे।