17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Exclusive: पार्किंग… वन-वे… नो एंट्री, बदल जाएगा जयपुर की चारदीवारी का ‘रूट चार्ट’, जानिए ट्रैफिक पुलिस का पूरा प्लान

Jaipur Traffic Management: जयपुर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव दिनों-दिन बढ़ता ही चला जा रहा है। खासतौर पर परकोटा इलाके में इस बढ़ते ट्रैफिक से सड़कें छोटी पड़ने लगी हैं। नतीजतन यहां आये दिन कई-कई घंटों का ट्रैफिक जाम रहता है। इसी समस्या का समाधान तलाशते हुए जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं को अमल में लाने की योजना बनाई है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Nakul Devarshi

•

image

ललित तिवारी

•

Updated: 17 Nov 2026, 2:18 PM IST

jaipur traffic police planning for walled city exclusive interview acp pradeep mohan sharma

Jaipur Walled City traffic - Patrika Pic

जयपुर. गुलाबी शहर की गलियों में सैलानियों की चहल-पहल बनी रहे, लेकिन उनकी गाड़ियों से स्थानीय लोगों का रास्ता न रुके। इसी संतुलन को साधने के लिए पुलिस परकोटे की यातायात व्यवस्था बदलने की तैयारी कर रही है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर प्रदीप मोहन शर्मा से राजस्थान पत्रिका के रिपोर्टर ललित तिवारी की विशेष बातचीत में शहर में आने वाले दिनों की यातायात व्यवस्था का नया खाका सामने आया।

रिपोर्टर : वीकेंड पर परकोटा के जाम से स्थानीय लोगों को राहत देने के लिए क्या योजना है?

एसीपी: पर्यटन सीजन में खासकर शनिवार-रविवार को दोपहर बाद वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। इसे देखते हुए हवा महल के सामने वन-वे और पैदल पर्यटकों के लिए अलग लेन बनाने का प्रस्ताव है। वन-वे और ट्रैफिक फ्री रोड जैसे विकल्पों पर भी विचार कर रहे हैं। पहले व्यापारियों से बातचीत हुई थी, लेकिन विरोध भी सामने आया। अब सभी की सहमति से हर शनिवार-रविवार नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का प्रयास है।

रिपोर्टर : क्या वीकेंड के लिए समयबद्ध एक्शन प्लान लागू होगा?

एसीपी: पर्यटन सीजन में ट्रैफिक का दबाव कब बढ़ेगा, इसका पहले से अंदाजा है। संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर शनिवार-रविवार की व्यवस्था लागू करेंगे। प्रयास है कि योजना का असर सड़कों पर दिखाई दे।

रिपोर्टर : वीकेंड पर बसों और पार्किंग का प्रबंधन कैसे?

एसीपी: अभी 52 और 32 सीटर बड़ी पर्यटक बसें परकोटे में प्रवेश कर जाती हैं। जलेबी चौक में आगे रास्ता नहीं होने से इन्हें वापस मुड़ना पड़ता है, जिससे जाम लगता है। योजना है कि इन बसों को रामलीला मैदान में ही रोक दिया जाए। वहां से पर्यटक छोटे वाहनों से आगे जा सकेंगे।

रिपोर्टर : अक्टूबर से दिसंबर तक पर्यटन सीजन की क्या व्यवस्था है?

एसीपी: आमजन, व्यापारी उपलब्ध जगह के अनुसार ही वाहन पार्क करें। सहयोग से तोपखाना, किशनपोल और जौहरी बाजार सहित कई रास्तों पर वन-वे लागू किया जा सकता है।

रिपोर्टर : लोडिंग वाहनों के प्रवेश का समय भी तय रहेगा?

एसीपी: हां, सामान लेकर आने वाले वाहनों को सुबह से दोपहर 12 बजे तक ही प्रवेश देने की योजना है। बसों के साथ टैक्सियों को भी निर्धारित स्थान पर रोकने की योजना है। इसके लिए टूर ऑपरेटरों, टूरिस्ट ट्रैवल एजेंसियों की बैठक बुलाएंगे।

रिपोर्टर : पुलिस अकेले परकोटे को जाम से स्थायी राहत दिला पाएगी?

एसीपी: यह सामूहिक जिम्मेदारी है। जयपुर नगर निगम, जेडीए, पर्यटन विभाग, मार्केट एसोसिएशन और संबंधित विभागों को मिलकर योजना बनानी होगी।