एक्सक्लूसिव: 50 साल में पहली बार सचिवालय से शिफ्ट होंगे 20 विभाग, जयपुर में टोंक रोड पर नया बसेरा
50 साल में पहली बार राजस्थान शासन सचिवालय से 20 विभाग एक साथ बाहर शिफ्ट होने जा रहे हैं। राज्य सरकार टोंक रोड पर लक्ष्मी मंदिर अंडरपास के नजदीक 'कर्मयोगी भवन' का निर्माण करने जा रही है।
पुनीत शर्मा/जयपुर. राज्य प्रशासन की मुख्य धुरी सचिवालय में कार्मिकों की संख्या 5 हजार से अधिक हो गई है। ऐसे में कार्मिक विभाग के सामने उनके बैठने की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती बन गया है। जगह की कमी को देखते हुए अब सचिवालय से 20 विभागों को बाहर शिफ्ट करने की तैयारी है। राजस्थान राज्य सड़क विकास निगम टोंक रोड पर लक्ष्मी मंदिर अंडरपास के उत्तरी हिस्से में 283 करोड़ रुपए की लागत से कर्मयोगी भवन बनाने जा रहा है। करीब 19 हजार वर्गमीटर जमीन पर बनने वाले इस भवन में सचिवालय के विभागों को शिफ्ट किया जाएगा।
पिछले 50 साल में यह पहली बार होगा, जब सचिवालय से एक साथ इतने विभाग बाहर किसी भवन में शिफ्ट होंगे। दावा है कि इन विभागों के बाहर जाने से अंबेडकर सर्कल से सचिवालय तक सुबह-शाम वाहनों का दबाव कम होगा। इससे इस क्षेत्र में लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।
वाहनों का दबाव घटेगा, जाम से मिलेगी राहत
एक साथ 20 विभाग सचिवालय से बाहर शिफ्ट होने पर अंबेडकर सर्कल, हाईकोर्ट और सचिवालय क्षेत्र में सुबह-शाम वाहनों का दबाव कम होगा। इससे व्यस्त समय में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, सचिवालय परिसर में पार्किंग की समस्या भी कम होगी।
लालकोठी में प्रस्तावित कर्मयोगी भवन को मिनी सचिवालय की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसे मिनी सचिवालय के नाम से भी जाना जाएगा। फर्म को कार्यादेश जारी होने के बाद दो साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। जानकारी के अनुसार, दिसंबर में सरकार के कार्यकाल की तीसरी वर्षगांठ पर भवन का शिलान्यास करने की तैयारी है।
कर्मयोगी भवन का खाका
283 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा कर्मयोगी भवन
10 मंजिला होगा भवन
47 हजार वर्गमीटर में होगा निर्माण
दो साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
135 कारों की पार्किंग की सुविधा
कार्मिकों को लंच के लिए नहीं जाना पड़ेगा बाहर, कैफेटेरिया और रेस्टोरेंट बनेंगे
वायु प्रदूषण कम करने के लिए फ्लाईऐश से बनी ग्रीन ईंटों का इस्तेमाल
शिफ्ट होने वाले 20 विभागों के नाम
पंचायती राज
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग
ग्रामीण विकास
अभियोजन विभाग
राजस्थान स्टेट आर्काइव
देवनारायण बोर्ड
स्टेट मॉयनॉरिटी कमीशन
विधि विभाग
राजस्थान स्टेट हज कमेटी
लोकायुक्त सचिवालय
राजस्थान वक्फ विकास परिषद
खाद्य विभाग
स्टेट इलेक्शन कमीशन
आपदा प्रबंधन विभाग
राज्य मानवाधिकार आयोग
सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग
सैनिक कल्याण विभाग
स्टेट ऑपरेशन एंड इमरजेंसी सेंटर
राज्य पुलिस जवाबदेही समिति
आइटी एंड कम्युनिकेशन
राज्य सरकार की बजट घोषणा के क्रियान्वयन के तहत लालकोठी क्षेत्र में 10 मंजिला कर्मयोगी भवन का निर्माण शुरू कर दिया गया है। सचिवालय के कई विभाग शिफ्ट होंगे। भवन का निर्माण 21 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। इसे अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया जाएगा, जिससे यहां काम करने वाले कार्मिकों को बेहतर कार्य वातावरण मिल सकेगा।
सत्येन्द्र सिंह, प्रबंध निदेशक, राजस्थान सड़क विकास निगम