अजमेर

यहां गजाजन को चढ़ता है साढे़ पांच हजार किलो का अन्नकूट

मंदिरों में महका अन्नकूट, प्रतिमाओं का शृंगार महाआरती में उमड़ा भक्तों का रैला
less than 1 minute read
• •
Updated: 9 Nov 2019, 11:56 PM IST
यहां गजाजन को चढ़ता है साढे़ पांच हजार किलो का अन्नकूट
केकड़ी के गणेश मंदिर में अन्नकूट का प्रसाद लेने उमड़े भक्त।

केकड़ी.(अजमेर). बड़े-बड़े बर्तनों में पकता अन्नकूट और प्रसाद के लिए उमड़ता भक्तों का रैला। यह नजारा रहता है केकड़ी के सदर बाजार स्थित गणेश मंदिर में अन्नकूट महोत्सव का। मंदिर में शनिवार को शनि प्रदोष के अवसर पर महोत्सव मनाया गया। मंदिर में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर प्रतिमा का आकर्षक शृंगार किया गया। वहीं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हुए। पुजारी विनय वैष्णव ने बताया कि भोर होते ही श्रद्धालु प्रसाद की तैयारियों में जुट जाते हैं। महाआरती के बाद 5551 किलो अन्नकूट के प्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद लेने भक्तों की कतारें लगी रही। मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। इसी प्रकार ब्यावर रोड चौराहा स्थित शनिदेव मंदिर में भी शनिवार को अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। दोपहर में कथावाचक हरजीराम तीतरिया ने संगीतमयी शनिकथा का वांचन किया। शाम को आरती के बाद मालपुए का भोग लगा कर प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान देव प्रतिमा का आकर्षक शृंगार किया गया।

Published on: