
अजमेर.
भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश आलाकमान की ओर से टिकट वितरण से पूर्व पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की आमराय बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पहले तीन दावेदारों में से प्राथमिकता के क्रम में दावेदार चयन में राय की प्रक्रिया अपनाए जाने की भी संभावना है। अजमेर जिले के आठों विधानसभा क्षेत्रों से करीब 350 से अधिक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि अपनी सलाह-परामर्श दे चुके हैं।
अजमेर जिले में टिकट वितरण के लिए पार्टी की अंतिम मशक्कत के तहत पार्टी के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को जयपुर आमंत्रित किया गया ।
सनराईज रिसोर्ट, ग्राम बिलौची, दिल्ली-चंदवाजी-अजमेर एक्सप्रेस हाइवे, जिला जयपुर में रायशुमारी बैठक हुई। रायशुमारी के दौरान विधानसभावार जिताऊ दावेदार/उम्मीदवार को लेकर पार्टी की आंतरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाई घई।
भाजपा शहर जिलाध्यक्ष अरविन्द यादव सहित अजमेर के कई पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी पसंद एक डिब्बे में पर्ची डालकर बताई। इसके अलावा कई तो मुख्यमंत्री और अन्य भाजपा पदाधिकारियों को अपनी सलाह देने से नहीं चूके।
यह गए थे रायशुमारी में...
भाजपा के जिला संगठन प्रभारी तुलसीराम शर्मा के अनुसार रायशुमारी में भाग लेने के लिए अपेक्षित लोगों में जिला संगठन प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, जिला महामंत्री, जिला मंत्री, कोषाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, जिला परिषद सदस्य, मंडल महामंत्री, मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा के जिला अध्यक्ष को बुलाया गया था। इसी तरह भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व प्रधान, निवर्तमान चेयरमैन, पूर्व चेयरमैन, वर्तमान कृषि उपज मंडी के चेयरमैन, पूर्व जिला अध्यक्ष, जिला प्रमुख, पूर्व जिला प्रमुख, सहकारी बैंक के चेयरमैन, नगर निगम के पार्षद, बोर्ड निगम आयोग में अकादमी अध्यक्ष, प्रकोष्ठ प्रकल्प विभाग के प्रदेश संयोजक, प्रकोष्ठ प्रकल्प विभाग के जिला संयोजक भाग लेने पहुंचे थे।