अजमेर

अजमेर-सियालदाह के खाली एसी कोच पटरी से उतरे

मदार यार्ड में शंटिंग के दौरान हुई दुर्घटना
less than 1 minute read
• •
Updated: 22 Nov 2019, 6:26 PM IST
अजमेर-सियालदाह के खाली एसी कोच पटरी से उतरे
अजमेर के मदार यार्ड में शुक्रवार को शंटिंग के दौरान उतरे अजमेर-सियालदाह ट्रेन में लगने वाले एसी कोट के पहिए।

अजमेर. मदार स्टेशन के यार्ड में शुक्रवार शंटिंग के दौरान चार वातानुकूलित कोच पटरी से उतर गए। यह कोच अजमेर-सियालदाह एक्सप्रेस में लगने वाले थे। दुर्घटना यार्ड एरिया में होने की वजह से सामान्य रेल यातायात पर असर नहीं हुआ। रेलवे ने दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए समिति का गठन किया है।

मदार यार्ड में सुबह लगभग 7.30 बजे अजमेर-सियालदाह एक्सप्रेस के खाली कोच की शंटिंग हो रही थी। इसी दौरान ट्रेन के चार वातानुकूलित कोच के पहिए पटरी से उतर गए। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी एवं तकनीकी टीम घटना स्थल पर पहुंच गई। इसके बाद पटरी से उतरे कोचों को वापस पटरी पर चढ़ाने की कवायद शुरू हो गई। अपराह्न लगभग चार बजे चारों कोच फिर से पटरी पर चढ़ा दिए गए।

यार्ड एरिया की अतिरिक्त रेल लाइन पर दुर्घटना होने की वजह से रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ। अजमेर-सियालदाह एक्सप्रेस में रिजर्व रखे दूसरे वातानुकूलित कोच लगाकर ट्रेन को रवाना किया गया। रेल प्रशासन ने दुर्घटना की जांच के लिए पर्यवेक्षकों की समिति का गठन किया है।

Published on: