
अजमेर. छावनी परिषद प्रशासन ने पांचवे दिन स्टेशन रोड पर खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों के यहां भौतिक सत्यापन किया।
कैप्टन संजीव कुमार, इंस्पेक्टर सुनील मुखर्जी व एसएच सिंह ने दल के साथ स्टेशन रोड पर बजरंग ट्रेडर्स पर रखे अवधि पार तेल के 6 पीपे तथा अवधि पार प्रोटीन के डिब्बे जब्त किए। फौजी किराना स्टोर पर अवधि पार बिस्कुट के पैकेट जब्त कर नष्ट किए। स्टेशन रोड स्थित अन्य कुछ प्रतिष्ठानों पर भी अवधि पार खाद्य सामग्री मिली जिसे जब्त कर नष्ट किया गया। दुकानदारों दुकानों के बाहर कचरा पात्र रखने की जानकारी दी। इस दौरान छावनी परिषद के सफाई अधीक्षक आशीष शर्मा व जमादार कमल कुमार सहित अन्य साथ थे।
भक्ति में विष भी अमृत समान
नसीराबाद. भक्तिमें विष भी अमृत के समान लगता है। भगवान को पाने के लिए भक्त सबकुछ छोड़ देते है। यह बात कथावाचक रसिक ने शुक्रवार को कथा के दौरान कही। कथा का समापन शनिवार को होगा।
उन्होंने कहा कि विल्वमंगल ने संसार के अवगुणों से बचने के लिए अपनी दोनो आंखों को इसलिए फोड़ दिया था। ताकि उसके मन में श्रीकृष्ण के अलावा किसी और कि भक्ति न कर सके। एकबार जब वह वृंदावन जाने का रास्ता भूल गए तो स्वयं श्रीकृष्ण ने बालक का रूप बनाकर उनका हाथ पकड़कर उन्हें वृंदावन धाम पहुंचाया। भगवान श्रीकृष्ण ने सांवरिया सेठ का रूप बनाकर नानी बाई के 56 करोड़ का मायरा भरा। मीरा बाई ने मेवाड़ राज्य का समस्त वैभव को छोड़कर जोगन का रूप धर लिया।
सेंट जॉन्स स्कूल का उत्कृष्ट परिणाम
अजमेर. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम स्थानीय मिशन कम्पाउण्ड स्थित सेंट जॉन्स सैकण्डरी स्कूल का उत्कृष्ट रहा। विद्यालय प्राचार्य सीमा बेपटिस्ट ने बताया कि विद्यालय की कक्षा 8 के 52 विद्यार्थियों में से 6 ने ए प्लस, 24 ने ए, 16 ने बी व 6 विद्यार्थी ग्रेड सी में प्राप्त की। उन्होंने बताया कि आयुषी पथरिया, दीपांशी पथरिया, गोल्डी कुमारी, जानवी बाबानी, खुशी जडिय़ा व प्रांजल साधवानी ने ए प्लस ग्रेड प्राप्त की। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी विषय में 50 विद्यार्थियों को ए प्लस तथा ए ग्रेड प्राप्त की।
लड़ाई-झगड़ा करते चार गिरफ्तार
नसीराबाद. सिटी थानान्तर्गत स्थानीय मुकेरी मौहल्ला क्षेत्र में शुक्रवार को लड़ाई-झगड़ा कर रहे चार जनों को सिटी थाना पुलिस ने शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। सिटी थाना पुलिस के अनुसार मुकेरी मौहल्ला क्षेत्र निवासी घीसालाल व विजय कुमार तथा शाहिद अली व सलीम आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे और समझाने के बाद भी नहीं मान रहे थे। इस पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।