नशा या जहरखुरानी का शिकार होने का अंदेशा : मदहोशी में मचाया उत्पात
अजमेर. किशनगढ़ के मार्बल सलरी डम्पिंग यार्ड में गुरुवार को फ्रांस के पर्यटक के अचेत मिलने से सनसनी फैल गई। किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन की सूचना पर पहुंची गांधीनगर थाना पुलिस ने पर्यटक को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां भी पर्यटक ने मदहोशी में उत्पात मचाया। भाषायी समस्या के चलते पुलिस पर्यटक को पुष्कर भी ले गई। इसके बाद सीआईडी जोन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार फ्रांस का पर्यटक डेविड सुबह किशनगढ़ मार्बल सलेरी डम्पिंग यार्ड में अचेतावस्था में मिला। सूचना पर गांधीनगर थानाप्रभारी राजेश कुमार मीणा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पर्यटक को अमृतकौर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां होश में आए पर्यटक ने अस्पताल में उत्पात मचाया। पुलिस ने उसको बमुश्किल काबू किया।
भाषा की समस्या
डेविड से पूछताछ में भाषायी समस्या आने पर पुलिस उसको पुष्कर ले गई। पुष्कर थाने में पड़ताल के बाद सामने आया कि वह 24 अक्टूबर को दिल्ली से रवाना हुआ था। इसके बाद उसके साथ क्या घटना हुई उसको नहीं पता। उसका सामान व पासपोर्ट भी नदारद है।
जहरखुरानी का अंदेशा
पुलिस को विदेशी पर्यटक के साथ जहरखुरानी की वारदात पेश आने का अंदेशा है। संभवत: जहरखुरान विदेशी पर्यटक को डम्पिंग यार्ड में छोड़ सामान लेकर भाग गए। सीआईडी जोन विदेशी पर्यटक को फ्रांस के दूतावास से सम्पर्क कर उसे स्वदेश भेजने की तैयारी में जुटी है।
इनका कहना है...
फ्रांस का पर्यटक डम्पिंग यार्ड में अचेत मिला था। उसको उपचार के बाद सीआईडी जोन को सुपुर्द कर दिया है। उसका सामान नहीं मिला। मामले की पड़ताल की जा रही है।
-राजेश मीणा, थानाधिकारी गांधीनगर