अजमेर

Gogamedi Murder Case: शूटर्स सहित सातों आरोपी हाई सिक्योरिटी जेल में शिफ्ट, इसी जेल बंद हैं कई खूंखार अपराधी

श्रीकरणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेवसिंह गोगामेड़ी की हत्या के 7 आरोपियों को राष्ट्रीय जांच एजेन्सी (एनआईए) ने अजमेर की घूघरा स्थित हाई सिक्योरिटी जेल में दाखिल करवाया।
2 min read
Dec 20, 2023
gogamedi_shootes.jpg

श्रीकरणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेवसिंह गोगामेड़ी की हत्या के 7 आरोपियों को राष्ट्रीय जांच एजेन्सी (एनआईए) ने अजमेर की घूघरा स्थित हाई सिक्योरिटी जेल में दाखिल करवाया। एनआईए ने प्रकरण में पड़ताल के बाद आरोपियों को सोमवार को जयपुर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें 2 जनवरी तक न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए।

जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ ने बताया कि सोमवार देर रात एनआईए के अफसर कड़ी सुरक्षा में हत्याकांड के मुख्य आरोपी शूटर रोहित राठौड़, नितिन फौजी के साथ सहयोगी रामवीर, उधमसिंह, भवानीसिंह, राहुल सिंह, संदीप उर्फ वीरेंद्र को लेकर घूघरा हाई सिक्योरिटी जेल पहुंची। गहन तलाशी के बाद सातों आरोपियों को जेल में दाखिल कराया गया।

पांच दिन से थे रिमांड पर
हत्याकांड के आरोपियों को पांच दिन पहले एनआईए ने प्रकरण की केस डायरी के साथ पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया था। रिमाण्ड अवधि समाप्त होने के बाद सोमवार शाम को आरोपियों को पुन: जयपुर की अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें कोर्ट ने जेल भेजने के आदेश दिए। गौरतलब है कि 5 दिसम्बर को जयपुर में सुखदेवसिंह गोगामेड़ी की शूटर रोहित राठौड़, नितिन फौजी ने गोली मार कर हत्या कर दी थी।

कैदियों का आंकड़ा अब 211 के पार
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड के 7 आरोपियों के हाई सिक्योरिटी जेल में दाखिल होने से हार्डकोर अपराधियों की संख्या 211 पहुंच गई है। इसमें गैंगस्टर लॉरेन्स विश्नोई और आनंदपालसिंह गैंग के बदमाशों की संख्या 50 पहुंच चुकी है। इससे पूर्व हार्डकोर अपराधी राजू फौजी, डिप्टी गैंग, गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या के आरोपित अशोक इसरवाल, विजयपाल, धनराज, विक्रम नांदिया, भरतपुर के बहुचर्चित कुलदीप जघीना हत्याकांड के 6 आरोपी, उदयपुर के कन्हैयालाल टेलर हत्याकांड के आरोपी मोहम्मद रियाज अत्तारी, मोहम्मद गौस समेत 7 आरोपी और हैट स्पीच के आरोपी सैयद गौहर चिश्ती शामिल हैं। जेल में 262 हार्डकोर बंदियों को रखने की क्षमता है।

यह भी पढ़ें : आसाराम की पैरोल खारिज करने को चुनौती देने वाली याचिका की सुनवाई पूरी

Published on:
20 Dec 2023 03:07 pm