
Ajmer : अजमेर जेल की फाइल फोटो पत्रिका
Ajmer : अजमेर सेन्ट्रल जेल के अधीन संचालित ओपन जेल से आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी फरार हो गया। मंगलवार शाम की नियमित हाजिरी के दौरान कैदी के अनुपस्थित होने पर जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल कर्मचारियों ने आस-पास तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद जेल प्रशासन की ओर से सिविल लाइंस थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आजीवन कारावास से दंडित सजायाफ्ता बंदी अजरुद्दीन उर्फ कूका अजमेर ओपन जेल में सजा भुगत रहा था। मंगलवार शाम की नियमित हाजरी के दौरान जेल कर्मचारी को कैदी अजरुद्दीन वहां नहीं मिला। इसके बाद जेल प्रशासन को सूचना दी गई। जेल प्रशासन ने अजरुद्दीन से सम्पर्क व तलाश का प्रयास किया लेकिन उसका देर शाम तक सुराग नहीं लगा।
सजायाफ्ता कैदी अजरुद्दीन के नहीं मिलने पर जेल प्रहरी कुलदीप ने सिविल लाइंस थाने में अजरुद्दीन उर्फ कूका के फरार होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जेल प्रहरी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण में अनुसंधान एएसआई रेवंतराम कर रहे हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अजरुद्दीन ओपन जेल से किस तरह फरार हुआ। साथ ही फरारी में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं। इस तमाम पहलू की भी पुलिस जांच की जा रही है। पुलिस कैदी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर उसकी तलाश में जुटी है।
बीते एक माह में राजस्थान की खुली जेल से कई कैदी फरार हुए हैं। जिनमें कुछ पुलिस की पकड़ में आ गए और कुछ अभी भी पकड़ से दूर हैं।
अलवर की खुली जेल- केन्द्रीय कारागृह में आजीवन कारावास की सजा काट रहा एक बंदी गोपाल उर्फ रामगोपाल पुत्र किशनलाल निवासी ग्राम नांगल रूपा थाना धौलागढ़ देवी हत्या और आयुध अधिनियम के मामले में सजा काट रहा था, रविवार सुबह 6 सितम्बर को खुली जेल से फरार हो गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए रविवार देर रात को लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र से ही उसे दबोचा लिया।
बाड़मेर की खुली जेल - बाड़मेर की खुली जेल से हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी भावेश उर्फ बंटी फरार हो गया था। जोधपुर के कमला नेहरू नगर निवासी भावेश के फरार होने का पता 11 सितंबर की सुबह चला। जेल प्रशासन और पुलिस उसकी तलाश कर रहा है, अभी उसका कोई पता नहीं चला है।
धौलपुर की खुली जेल - धौलपुर पुलिस ने खुली जेल से फरार हुए आजीवन कारावास के बंदी आरोपी सुरेंद्र (35 वर्ष) पुत्र अमर सिंह निवासी बसई नवाब 11 सितंबर को खुली जेल से फरार हो गया था। सुरेंद्र साल 2013 में रेप और हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। पुलिस ने आरोपी को रेलवे स्टेशन गिरफ्तार कर लिया था।
Updated on:
17 Sept 2026 10:10 pm
Published on:
17 Sept 2026 10:10 pm
