अजमेर

बेटियों के लिए अच्छी खबर-सरकार देगी 817 होनहार छात्राओं को पदमाक्षी पुरस्कार

ऐसी बालिकाएं जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया है उन्हें राज्य सरकार की ओर से यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है।
2 min read
• •
Updated: 4 Jan 2018, 7:40 AM IST
padmakshi prize start for girls
padmakshi prize start for girls

अजमेर।

राज्य सरकार की ओर से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए इस बार माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 8, 10 एवं 12 की परीक्षाओं में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रदेश की 817 छात्राओं को पद्माक्षी पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से 5 करोड़ 82 लाख रुपए राशि के पद्माक्षी पुरस्कार इस बार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस बार पद्माक्षी पुरस्कार 8 वीं की 273 बालिकाओं को 10 वीं की 262, 12 वीं की 261 और कक्षा 8 संस्कृत विभाग- प्रवेशिका एवं वरिष्ठ उपाध्याय की बोर्ड परीक्षा में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली 21 बालिकाओं को प्रदान किया जाएगा।

देवनानी ने बताया कि पुरस्कार स्वरूप कक्षा 8 की बोर्ड परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिका को 40 हजार रुपए कक्षा 10 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिका को 75 हजार रुपए तथा 12वीं में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को एक लाख रुपए राशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कक्षा 12वीं एवं वरिष्ठ उपाध्याय की बालिकाओं को पुरस्कार राशि के अतिरिक्त स्कूटी भी दी जाएगी।

देवनानी ने बताया कि सामान्य, अनुसूचित जाति, अनूसूचित जनजाति, एसबीसी अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग, बीपीएल एवं नि:शक्त वर्ग की प्रत्येक जिले में ऐसी बालिकाएं जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया है उन्हें राज्य सरकार की ओर से यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है।

देवनानी ने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालिका को इस पुरस्कार के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होता है। किसी भी वर्ग में समान अंक प्राप्त करने वाली एक से अधिक बालिकाएं होगी तो सभी को पुरस्कार राशि एवं प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। कक्षा 12वीं की कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय को मिलाकर इनमें सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली बालिका को पुरस्कार के लिए पात्र माना जाता है।

Published on: