अजमेर

बेनीवाल ने भरी हुंकार, कहा – धरती पुत्र बनेगा सीएम, तीसरा मोर्चा मजबूत करने के लिए साथ होंगी ये पार्टियां

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Oct 24, 2018
Feature image

अजमेर।

प्रदेश में तीसरे मोर्चे की कवायद में जुटे खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल बुधवार को केकड़ी पहुंचे। घण्टाघर चौराहे पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए बेनीवाल ने कहा कि किसानों की खुशहाली के लिए प्रदेश में धरती पुत्र को मुख्यमंत्री बनाना होगा।

कांग्रेस और भाजपा ने हमेशा किसानों के साथ छल किया है। दोनों पार्टियों ने सत्ता के लोभ में आमजन के हितों को भुला दिया है। इसी कारण किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर है। उन्होंने कहा कि दोनों प्रमुख पार्टियों ने एक-दूसरे के भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने का काम किया है। इससे प्रदेश का विकास अवरूद्ध हो गया। इस बार प्रदेश की जनता किसी के झांसे में आने वाली नहीं है।

बेनीवाल ने कहा कि उन्होंने विधानसभा के अंदर एवं बाहर हर स्थान पर आमजन की आवाज को बुलंद कर उन्हें उनका हक दिलाया है। इसी संघर्ष का परिणाम है कि किसान का कर्जा माफ हुआ तथा प्रदेश के वाहन टोल मुक्त हुए।

उनकी रैलियों में शामिल होने वाली भीड़ से दोनों पार्टियों के नेताओं में खलबली है। येन-केन प्रकरेण उन पर शिकंजा कसने का प्रयास किया जाता रहा। लेकिन उन्होंने प्रदेश के किसान व गरीब के दम पर अपनी आवाज को दबने नहीं दिया।

उन्होंने बताया कि आगामी 29 अक्टूबर को जयपुर में हुंकार महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमे प्रदेश भर के लोग शामिल होंगे। इस दौरान नए राजनीतिक दल की घोषणा की जाएगी। इसमे 36 कौम के लोगों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही आगामी रणनीति तय करने का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने अधिकाधिक लोगों को रैली में शामिल होने का न्योता दिया।

पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि इस बार तीसरा मोर्चा प्रदेश की सभी 200 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा। इसके लिए भारत वाहिनी, बसपा, सपा सहित अनेक पार्टियों से बातचीत चल रही है। जो लगभग अंतिम दौर में है।

Updated on:
24 Oct 2018 07:54 pm
Published on:
24 Oct 2018 07:54 pm