अजमेर

‘बेटे को इंजीनियर बनते देखने का सपना रह गया अधूरा’, जयपुर से कॉलेज में एडमिशन कराने आए पिता की अजमेर में मौत

Rajasthan News: जयपुर से बेटे का इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला कराने अजमेर आए 48 साल के चंद्रकुमार की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।
2 min read
Aug 12, 2026
Heart Attack
जयपुर के चन्द्र कुमार की मृत्यु के बाद मोर्चरी के बाहर मौजूद परिजन (फोटो: पत्रिका)

Father Dies Due To Herat Attack: जयपुर से अपने बेटे का इंजीनियर बनने का सपना पूरा करने के लिए उसे कॉलेज में एडमिशन दिलाने अजमेर आए एक पिता की अचानक मौत हो गई। मंगलवार दोपहर कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथ आए लोगों ने उन्हें तुरंत जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार जयपुर के मालवीय नगर निवासी चंद्रकुमार (48) पुत्र वासुदेव अपने बेटे सुमित का बड़लिया स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला कराने के लिए अजमेर आए थे। बेटे के कॉलेज में प्रवेश को लेकर परिवार में उत्साह था। चंद्रकुमार बेटे के साथ उसके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद लेकर अजमेर पहुंचे थे। उन्हें क्या पता था कि जिस दिन वे बेटे के करियर की नई शुरुआत देखने आए हैं वही दिन परिवार के लिए जिंदगी का सबसे दुखद दिन बन जाएगा।

दोस्त और उसके पिता भी थे साथ

कॉलेज में प्रवेश संबंधी प्रक्रिया चल रही थी। सुमित के साथ उसका दोस्त और उसके पिता भी मौजूद थे। इसी दौरान अचानक चंद्रकुमार की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें संभालने के बाद तत्काल इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी जांच की लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने चंद्रकुमार को मृत घोषित कर दिया।

चंद्रकुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद उनकी दोनों बहनें भी अजमेर पहुंचीं। जिस बेटे के कॉलेज में दाखिले को लेकर पिता के चेहरे पर खुशी थी उसी बेटे के सामने अचानक पिता की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

जयपुर में किराना स्टोर चलाते थे मृतक

पुलिस पड़ताल में सामने आया कि चंद्रकुमार जयपुर में किराना स्टोर चलाते थे। परिवार के लिए वे आर्थिक सहारे के साथ बेटे के भविष्य को लेकर बड़े सपने देखने वाले पिता भी थे। बेटे को इंजीनियर बनते देखने की उनकी इच्छा थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अलवर गेट थाना पुलिस ने परिजन के इंकार पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है।

Updated on:
12 Aug 2026 10:08 am
Published on:
12 Aug 2026 10:08 am