11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Dholpur Accident: कार के ऊपर चढ़ा ट्रक, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, दर्शन कर लौट रहे थे सभी

राजस्थान के धौलपुर जिले में मंगलवार को एनएच-123 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन जनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें पिता-पुत्र और चाचा शामिल हैं। कार सवार जयपुर स्थित जैन मंदिर में दर्शन कर वापस धौलपुर लौट रहे थे।
2 min read
Google source verification
dholpur accident

Dholpur Accident: हादसे के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार (फोटो-पत्रिका)

धौलपुर। जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। सदर थाना क्षेत्र में एनएच-123 पर भागीरथपुरा मोड़ के पास कार और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक में जा घुसा और उसमें सवार तीनों लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे में एक ही परिवार के पिता-पुत्र और चाचा की मौत हो गई। तीनों जयपुर के पदमपुरा स्थित जैन मंदिर में दर्शन करने के बाद धौलपुर लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार धौलपुर निवासी राजकुमार जैन (50), उनके भतीजे विजय जैन (45) और विजय के 15 वर्षीय बेटे आदि जैन मंगलवार को जयपुर के पदमपुरा स्थित जैन मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद तीनों कार से वापस धौलपुर लौट रहे थे। शाम करीब पांच बजे उनकी कार एनएच-123 पर भागीरथपुरा मोड़ के पास पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।

कार में तीन लोग ही थे सवार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक में बुरी तरह फंस गया। कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे तीनों लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ट्रक धौलपुर से भरतपुर की तरफ जा रहा था। हादसे के बाद चालक भाग निकला। कार में सिर्फ तीन लोग ही सवार थे, जिनमें से सभी की मौत हो गई।

यहां देखें वीडियो :

पुलिस ने लोगों की मदद से निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही पचगांव पुलिस चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार को ट्रक से अलग कराया। इसके बाद काफी मशक्कत कर कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान राजकुमार जैन (50) पुत्र ज्योति प्रसाद, निवासी मनियां, हाल शास्त्री नगर धौलपुर, उनके भतीजे विजय जैन (45) पुत्र कैलाश चंद्र, निवासी लीला विहार कॉलोनी और विजय के 15 वर्षीय बेटे आदि जैन के रूप में हुई है।

कारोबार से जुड़ा था परिवार

राजकुमार जैन सरिया व्यवसाय से जुड़े थे, जबकि उनके भतीजे विजय जैन धौलपुर में तेल का कारोबार करते थे। बताया गया कि राजकुमार जैन नियमित रूप से जयपुर के पदमपुरा स्थित जैन मंदिर में दर्शन और अभिषेक के लिए जाते थे। मंगलवार को भी वह अपने भतीजे विजय और उसके बेटे आदि के साथ मंदिर गए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि वापसी का यह सफर परिवार के लिए आखिरी सफर साबित होगा।

हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम

तीनों की मौत की खबर मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। एक साथ परिवार के तीन सदस्यों की मौत से वहां कोहराम मच गया। उधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।