Heavy Rain in Pushkar : तीर्थराज पुष्कर सरोवर ( Pushkar Lake) के लिए श्रावण मास का पहला सोमवार ( Sawan Somvar ) शकुन भरा रहा। पुष्कर में लगभग आधे घंटे तक झमाझम मूसलाधार बरसात ( Heavy Rain ) होने के साथ ही पुष्कर सरोवर में अथाह पानी की आवक शुरू हो गई...
अजमेर/पुष्कर। तीर्थराज पुष्कर सरोवर ( Pushkar Lake) के लिए श्रावण मास का पहला सोमवार ( Sawan Somvar ) शकुन भरा रहा। यहां सोमवार को शिव की कृपा बादलों से बरसी। पुष्कर में लगभग आधे घंटे तक झमाझम मूसलाधार बरसात ( heavy rain ) होने के साथ ही पुष्कर सरोवर में अथाह पानी की आवक शुरू हो गई है। नाग पहाड़ी से झरनों के रूप में बही नदी पुष्कर सरोवर में आकर मिली है। सरोवर के दक्षिणी दिशा में स्थित पुलिया के पानी की आवक के 22 द्वारों से अथाह पानी आकर पुष्कर सरोवर में मिल रहा है।
4 फुट पानी आने की उम्मीद
सिल्ट डैम पूरा पानी से भर गया है वहीं पुष्कर सरोवर में औसतन 4 फुट पानी आने की उम्मीद लगाई जा रही है। तेज बरसात से भगवान इंद्र देव की कृपा एवं भोलेनाथ के आशीर्वाद से पुष्कर सरोवर बदला-बदला नजर आने लगा है।
पुरोहितों में दौड़ी खुशी की लहर
लंबे समय से पानी की कमी से चिंतित पुरोहितों में इस बरसात ने एक नई आशा की किरण जगा दी है। पुष्कर सरोवर में पानी की आवक बढऩे के साथ ही पुरोहितों की रोजी रोटी का संकट दूर हो जाएगा। यही कारण है कि पुरोहित इस बात को लेकर भगवान इंद्र देव का आभार व्यक्त कर रहे हैं तथा प्रसन्नता व्यक्त कर रहे हैं। पुष्कर सरोवर में पानी की आवक शुरू हो गई है। झरने बहकर नदी के रूप में पुष्कर सरोवर में आ रहे हैं। लगातार तेज गति से पानी पुष्कर सरोवर में गिरने लगा है।
बरसात ने एक ओर जहां पुष्कर सरोवर में जलस्तर बढ़ाने की उम्मीद जगा दी है वहीं पुष्कर कस्बे में जगह-जगह पानी भरने से कस्बे वासियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। पुष्कर कस्बे के माली मंदिर, वराह घाट चौक, पुरानी रंगनाथ मंदिर सहित अनेकों जगहों पर गंदा पानी भरने से यातायात जाम हो गया है। हालत यह है कि कई घरों में पानी भरना भरने से दिनचर्या पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गई है।