अजमेर

‘Women’s day Special’ यहां चलता है ‘महिला राज’, हर कुर्सी पर सिर्फ महिलाएं…….

इन कार्यालयों में सिर्फ महिलाओं का ही राज चलता है। यहां हर सीट पर महिला कर्मचारी और अधिकारी है, काम की गति भी त्वरित है।

2 min read
Mar 08, 2019
यहां चलता है ‘महिला राज’, हर कुर्सी पर सिर्फ महिलाएं


भूपेन्द्र सिंह/ अजमेर. महिलाएं किसी भी मायने में पुरुषों के कम नहीं है चाहे वह कोई भी क्षेत्र हो यह सिर्फ कहने वाली बात ही नहीं है। पुरुषों के वर्चस्व वाले सार्वजनिक क्षेत्र में शहर के तीन कार्यालय ऐसे भी हैं जहां नजर भी आता है। इन कार्यालयों में सिर्फ महिलाओं का ही राज चलता है। यहां हर सीट पर महिला कर्मचारी और अधिकारी है, काम की गति भी त्वरित है। यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को इनका आदेश मानना पड़ता है। तीन में से एक कार्यालय निजी क्षेत्र का भी है जहां महिला राज चलता है। एक कार्यालय में दिन के अलावा रात्रि में भी महिलाएं ही जिम्मेदारी संभालती हैं लेकिन कामकाज में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं है।


महिलाओं द्वारा संचालित बिजली घर

आमतौर पर विद्युत तंत्र का काम चुनौतीपूर्ण होता है लेकिन इस चुनौती पर पूरी तरह खरी उतर रही हैं राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम (आरआरवीपीएन) के सुभाष नगर स्थित 132 केवी जीएसएस पर नियुक्त महिला अभियंता व अन्य कार्मिक। यहां कामकाज सहायक अभियंता आफरीन मंसूरी तथा कनिष्ठ अभियंता गीता शर्मा, रीना सिंह तथा सीमा कुमारी के जिम्मे हैं। इनकी सहायकता व सुरक्षा के तीन महिला सुरक्षा कर्मचारी भी हैं। इस जीएसएस को पिछले साल अंन्तराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्पूर्ण महिला जीएसएस घोषित किया गया था।
रात्रि में भी महिलाएं ही संभालती हैं कमान

इस जीएसएस पर रात्रि में भी महिला अभियंता ही व्यवस्था की कमान संभालती हैं। इनके साथ ही महिला सुरक्षाकर्मी भी रहती हैं। जीएसएस की बाह्य सुरक्षा के पुरुष सुरक्षाकर्मी नियुक्त किए जाते हैं। सुभाष नगर 132 केवी जीएसएस 220 केवी जीएसएस मदार से जुड़ा हुआ है। सुभाष नगर 132 केवी जीएसएस के जरिए 33/11 केवी जीएसएस परबतपुरा तथा सुभाष नगर को सप्लाई दी जाती है। जबकि आउटगोइंग लाइन 132 केवी जीएसएस सराधना से जुड़ी हुई है।


सम्पूर्ण महिला डाकघर

कलक्ट्रेट स्थित डाकघर को महिला डाकघर के रूप में संचालित है। यह डाकघर राजस्थान दक्षिणी क्षेत्र अजमेर का पहला महिला डाकघर है। इसकी कमान पूरी तरह से महिलाओं के हाथ है। यहां एक पद एसपीएम, एक एमटीएस तथा दो पद पोस्टल असिस्टेंट के हैं। इनमें से एसपीएम का पद रिक्त है। जबकि तीन पद भरे हुए हैं। पोस्ट मास्टर के पद पर गरिमा भार्गव कार्यरत है।


महिला कस्टमर केयर

शहर की बिजली व्यवस्था संभाल रही अजमेर डिस्कॉम की फ्रेंचाइजी टाटा पावर के वैशाली नगर स्थिति कस्टमर केयर का जिम्मा महिला कार्मिकों के हाथ है। यहां नियुक्त कर्मचारी उपभोक्ताओं के सवालों के साथ ही उन्हें आवश्यक जानकारी भी देती है। यहां 8 महिला कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमे से एक टीम लीडर है।

Published on:
08 Mar 2019 02:36 pm
Also Read
View All