अजमेर

जेलर साहब को हार्डकोर क्रिमिनल की मदद पड़ी महंगी, डीजी ने किया सस्पेंड

धमकाने के मामले में जेलर सौरभ स्वामी को प्रथमदृष्ट्या दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया जबकि जेल में हवलदार कमल सिंह को हटाते हुए लाइन हाजिर कर दिया।
2 min read
• •
Updated: 27 Sep 2017, 8:26 AM IST
high security prison jailor suspend
high security prison jailor suspend

. हाई सिक्योरिटी जेल में राजस्थान आम्र्ड कांस्टेबलरी(आरएसी) के हैडकांस्टेबल को धमकाने के मामले पुलिस महानिदेशक(जेल) सुनिलकुमार महलोत्रा ने जेलर सौरव स्वामी को निलंबित कर दिया। ड्यूटी में अनियमितिता के मामले में हवालदार कमलसिंह और मेल नर्स राजवीर को हाई सिक्योरिटी जेल से हटा दिया है।डीजी (जेल) महलोत्रा ने हाई सिक्योरिटी जेल में गत २० अगस्त को आरएसी के हैडकांस्टेबल मदनलाल को धमकाने के मामले में जेलर सौरभ स्वामी को प्रथमदृष्ट्या दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया जबकि जेल में हवलदार कमल सिंह को हटाते हुए लाइन हाजिर कर दिया।

गौरतलब है कि हैडकांस्टेबल मदनलाल की शिकायत पर १५ सितम्बर को सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने हार्डकोर अपराधी पंजाब फाजलिका निवासी लॉरेन्स विश्नोई, संजय पांड्या, जेलर सौरभ स्वामी, जेलर मोहन मीणा के खिलाफ लोकसेवक को धमकाने का मामला दर्ज किया था। विभागीय जांच में जेलर सौरभ स्वामी को दोषी पाए जाने पर डीजी(जेल) महलोत्रा ने निलंबित कर दिया। वहीं जेल में संदिग्ध गतिविधि को मध्यनजर रखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के मेल नर्स राजवीर को मूल विभाग में एपीओ कर दिया है।

यह था दोष
विभागीय जांच में सामने आया कि जेल में हार्डकोर अपराधी का सामान जाने से रोकने के मामले में जेलर सौरभ स्वामी ने २० अगस्त की रात ९ बजे आरएसी के हैडकांस्टेबल मदनलाल को जेल परिसर स्थित कार्यालय में बुलाया था। यहां जेलर मोहन मीणा के अलावा हार्डकोर अपराधी लॉरेन्स विश्नोई और संजय पांड्या मौजूद थे। लॉरेन्स ने उसका सामान रोकने पर हैडकांस्टेबल मदनलाल को धमकाते हुए देख लेने की धमकी दी थी। रात ९ बजे हार्डकोर बंदियों को बैरक से निकाल मुख्यद्वार तक लाए जाने को जेल प्रशासन ने गंभीर मानते हुए ड्यूटी पर मौजूद जेलर सौरभ स्वामी को निलंबित कर दिया।

पहले भी आया नाम
जेलर सौरभ स्वामी का नाम हाई सिक्योरिटी जेल में आत्महत्या का प्रयास करने वाले हार्डकोर अपराधी इमरान के प्रकरण में भी सामने आया था। इमरान ने भी जेल अधीक्षक ओमप्रकाश शर्मा, जेलर सौरव स्वामी पर प्रताडि़त करने का आरोप लगाया था।

Published on: