अजमेर

HPV VACCINATION : अजमेर की मनीषा बनी जागरुकता की ब्रांड एम्बेसडर, सर्वाइकल कैंसर के ​खिलाफ जगाएंगी अलख

अजमेर से हुई राष्ट्रीय टीकाकरण अ​भियान की शुरूआत, एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए पीएम मोदी ने मांगी इजाजत, तो मनीषा की मां साेनू बोलीं- यह मेरी बेटी का सौभाग्य

2 min read
Mar 01, 2026
अजमेर में एचपीवी वैक्सीनेशन के दौरान किशोरियों से संवाद करते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी।

चन्द्र प्रकाश जोशी

अजमेर (Ajmernews). अजमेर जिले के गांव चाचियावास की निवासी 9वीं कक्षा की छात्रा मनीषा रावत सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर जागरुकता की ‘ब्रांडएम्बेसडर’ बनकर उभरी हैं। उन्हें देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को एचपीवी वैक्सीनेशन के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

इस राष्ट्रीय टीकाकरण अ​भियान के अजमेर से शुभारंभ के मौके पर जब पहला टीका मनीषा को लगाया गया तो पीएम मोदी ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने उसे आशीर्वाद दिया और वैक्सीनेशन के लिए महिलाओं में अलख जगाने का जिम्मा सौंपा। इससे पूर्व प्रधानमंत्री मोदी ने मनीषा के साथ आई उनकी मां सोनू से बात कर वैक्सीन की इजाजत ली, तो मां ने कहा कि यह बेटी का सौभाग्य है।

बालिकाओं से किया संवाद

अजमेर में कायड़विश्रामस्थली में सभा स्थल पर प्रधानमंत्री ने एचपीवी वैक्सीन का लोकार्पण किया। सभा स्थल के पास बनाए वैक्सीनेशन सेन्टर में चिकित्सा विभाग की टीम के माध्यम से पांच बालिकाओं का वैक्सीनेशन करवा कर शुरुआत की। बाद में बालिकाओं से संवाद भी किया। प्रधानमंत्री ने मनीषा को बधाई एवं आशीर्वाद देते हुए कहा कि आगे पढ़ाई जारी रखना। अन्य किशोरियों व महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के बारे में व एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करना।

पांच किशोरियों के लगाई वैक्सीन

मनीषा रावत (राजकीय सीनियर सैकंडरी स्कूल श्रीनगर), भूमिका (महात्मा गांधी राजकीय स्कूल गगवाना), पूर्वी अग्रवाल (एमपीएस अजमेर), चंचल (राजकीय सीनियर सैकंडरी स्कूल क्रिश्चयनगंज अजमेर) एवं चिडि़या मेघवंशी (राजकीय सीनियर सैकंडरी स्कूल श्रीनगर) के प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में वैक्सीन लगाई गई।

किशोरियों से यह किए सवाल

प्रधानमंत्री ने किशोरी चंचल से पूछा कौनसी क्लास में पढ़ाई कर रही है, सर्वाइकल कैंसर के बारे में भी पूछा। अन्य किशोरियों से भी पढ़ाई, परिवार एवं सर्वाइकल कैंसर की गंभीरता के बारे में पूछा।

महिला अधिकारियों के पास थी जिम्मेदारी

एचपीवी वैक्सीनेशन किशोरियों व महिलाओं के लिए जरूरी है, इसकी तमाम व्यवस्था महिलाओं के पास रही। प्रशासनिक अधिकारी अनुपमा टेलर, मेघना चौधरी सहित सीएमएचओ डॉ. ज्योत्सना रंगा, आरसीएचओ डॉ. शिन्दे स्वाति के पास वैक्सीनेशन की जिम्मेदारी थी। पहले चरण में 50 बालिकाओं का चयन कर इनमें से 5 को अंतिम रूप से चयनित किया गया।

Published on:
01 Mar 2026 01:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर