अजमेर

छात्रों में संघर्ष, दो छात्रों का अपहरण, लाठी-सरियों से हमला

-बाइक सवार युवकों ने दो छात्रों का किया अपहरण, मारपीट कर लहुलुहान किया-दयानंद महाविद्यालय के छात्रों की रंजिश का मामला-एक की हालत गंभीर
2 min read
• •
Updated: 28 Dec 2019, 11:51 PM IST
Kidnapping
Kidnapping

अजमेर.
अमन-शांतिप्रिय शहर अजमेर में अपराधिक घटनाएं बढऩे लगी है। शनिवार शाम आपसी रंजिश के चलते कुुछ छात्रों ने पंचशील क्षेत्र से दो छात्रों को अगवा कर लिया। अपहरण के बाद उन्हें लोहागल चौराहा ले जाकर उनके साथ मारपीट की। बाइक सवारों के जरिए अचानक हुए अपहरण के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तेज गति से दौड़ रही मोटरसाइकिलें और चिल्लाने की आवाज सुनकर राह चलते लोग भी घबरा गए।


पंचशील नगर ए ब्लॉक स्थित शॉपिंग मॉल के सामने से शनिवार शाम को बाइक पर आए कुछ बदमाश दो युवक को अगवा कर ले गए। आरोपियों ने लोहागल चौराहे पर दोनों युवकों से जमकर मारपीट की। एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती करवाया है। क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर बाइक पर आए १०-१२ युवकों ने लोहागल निवासी सूर्यप्रकाश भाटी, गणेशसिंह राठौड़ को अगवा करके ले गए। आरोपियों ने लोहागल चौराहा पर ले जाकर उनके साथ लाठी-सरियों से मारपीट की। मारपीट में गणेश के सिर में गंभीर चोट लगी जबकि सूर्यप्रकाश के पैर में चोट लगी। पीडि़त सूर्यप्रकाश भाटी की शिकायत पर क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने शंकर सिंह रावत, धीरज गुर्जर व अन्य के खिलाफ मामला दर्जकर अनुसंधान शुरू कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि घायल युवक ब्यावर रोड स्थित दयानन्द महाविद्यालय के छात्र है। युवकों पर हमले के आरोपी भी महाविद्यालय के छात्र है। दोनों गुट में पुरानी रंजिश चली आ रही है।


पहले भी हो चुकी घटनाएं-
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले वैशालीनगर अरबनहाट बाजार के पास भी रात के समय युवकों के दो गुटों के बीच संघर्ष हुआ था। तब सड़क पर लाठियां व बैशबॉल बल्ले लेकर युवक भाग थे। तब भी क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। यह बात अलग है कि अगले दिन पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा युवकों को पकड़ लिया था।

Published on: