अजमेर संभाग और मार्बल नगरी किशनगढ़ के लिए हवाई सेवाओं को लेकर एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इंडिगो ने जुलाई 2026 से किशनगढ़ एयरपोर्ट के लिए नया उड़ान शेड्यूल जारी करते हुए दिल्ली के साथ-साथ नोएडा (जेवर) के लिए भी नियमित उड़ान संचालन शुरू करने की घोषणा की है।
मदनगंज-किशनगढ़। अजमेर संभाग और मार्बल नगरी किशनगढ़ के लिए हवाई सेवाओं को लेकर एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इंडिगो ने जुलाई 2026 से किशनगढ़ एयरपोर्ट के लिए नया उड़ान शेड्यूल जारी करते हुए दिल्ली के साथ-साथ नोएडा (जेवर) के लिए भी नियमित उड़ान संचालन शुरू करने की घोषणा की है। नई उड़ानों के शुरू होने से क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन, शिक्षा, चिकित्सा और धार्मिक यात्राओं को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। किशनगढ़ एयरपोर्ट के विस्तार और विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया जा रहा है। यदि भविष्य में मुंबई, अहमदाबाद और अन्य बड़े शहरों के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू होती हैं तो किशनगढ़ एयरपोर्ट राजस्थान के प्रमुख क्षेत्रीय एयर हब के रूप में उभर सकता है।
एयरलाइन के नए शेडयूल के अनुसार 1 जुलाई से दिल्ली-किशनगढ़-दिल्ली सेक्टर पर सप्ताह में चार दिन उड़ान संचालित होगी। यह सेवा सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। निर्धारित समय के अनुसार विमान दोपहर 2:35 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेगा और अपराह्न 3 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगा। इससे राजधानी दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। खासतौर पर मार्बल उद्योग से जुड़े कारोबारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और चिकित्सा कार्यों से यात्रा करने वाले लोगों को इसका सीधा फायदा होगा।
2 जुलाई 26 से नोएडा (जेवर)-किशनगढ़-नोएडा सेक्टर के लिए भी नई उड़ान सेवा शुरू की जा रही है। यह उड़ान मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। विमान सुबह 11:35 बजे किशनगढ़ पहुंचेगा और सुबह 11:55 बजे वापस नोएडा (जेवर) के लिए उड़ान भरेगा। नोएडा (जेवर) एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी मिलने को क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और राजस्थान के बीच यात्रा का समय कम होगा और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
नई उड़ानों से अजमेर शरीफ दरगाह, पुष्कर तीर्थ, किशनगढ़ की विश्व प्रसिद्ध बनी-ठनी कला और मार्बल एवं ग्रेनाइट उद्योग को नई पहचान मिलेगी। साथ ही होटल व्यवसायियों और ट्रेवल एजेंसियों को भी इससे बेहतर कारोबार की उम्मीद है। बेहतर एयर कनेक्टिविटी से निवेश और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
किशनगढ़ एयरपोर्ट के निदेशक बी.एस. मीणा ने बताया कि एयरलाइंस से मिले शेडयूल को अप्रूवल दे दी गई है। दिल्ली और जेवर के लिए नई उड़ानें शुरू होना खुशी की बात है। इससे देश के केपिटल शहरों से सीधा जुड़ाव होगा। इससे व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।