अजमेर

किशनगढ़-इंदौर हवाई सेवा शुरू, इंदौर से पहुंची फ्लाइट को दिया वाटर सेल्यूट

दोनों समय की फ्लाइट रही फुल : कर्नाटक के बेलगांव तक रहेगी हवाई सेवा
3 min read
Mar 17, 2020
किशनगढ़-इंदौर हवाई सेवा शुरू,  इंदौर से पहुंची फ्लाइट को दिया वाटर सेल्यूट
किशनगढ़ एयरपोर्ट के रन-वे पर इंदौर से पहुंचे विमान से उतरे यात्री।

मदनगंज-किशनगढ़. (अजमेर)

किशनगढ़ व इंदौर के बीच हवाई सेवा आखिरकार सोमवार को शीतला सप्तमी के दिन से शुरू हो गई। इंदौर से किशनगढ़ और किशनगढ़ से इंदौर जाने वाली दोनों समय की फ्लाइट पूरी तरह फुल रही। इंदौर की फ्लाइट के किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुुंचने पर सभी यात्रियों को गुलाब का फूल देकर स्वागत किया गया। वहीं सवारियों में भी उत्साह नजर आया। बेलगांव और इंदौर से आने वाली अधिकांश सवारियां कोरोना वायरस से बचाव के चलते मुंह पर मास्क पर पहने नजर आए।

इंदौर से आई पहली फ्लाइट अपने तय समय अपराह्न 4.०5 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंची। एयरपोर्ट के रन-वे पर उतरते ही फ्लाइट के स्वागत के लिए वाटर सेल्यूट दिया गया। इसके बाद टर्मिनल में एयरपोर्ट डायरेक्टर अशोक कपूर, सहायक महाप्रबंधक पंकज अग्रवाल एवं स्टार एयरलाइंस के अधिकारियों ने यात्रियों का स्वागत कियाा। इसी तरह किशनगढ़ से इंदौर के लिए अपराह्न 4.30 बजे फ्लाइट रवाना हुई। इसे डायरेक्टर अशोक कपूर एवं अन्य अधिकारियों ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।


बेलगांव से किशनगढ़ के बीच रहेगी हवाई सेवा

दोनों ही फ्लाइटों में 42-42 सीटें बुक रही। पहली फ्लाइट के फुल रहने से एयरलाइंस के अधिकारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। एयरलाइंस के अधिकारी बोपरणा सी.ए. एवं एस. सोंद्रे ने बताया कि यह फ्लाइट केवल किशनगढ़ से इंदौर तक नहीं है, बल्कि यह फ्लाइट किशनगढ़ से बेलगांव तक रहेगी। यह हवाई सेवा कर्नाटक के बेलगांव से किशनगढ़ के बीच संचालित होगी। किशनगढ़ आने वाली पहली फ्लाइट में 15 यात्री बेलगांव से किशनगढ़ आए है, जबकि 27 यात्रियों ने इंदौर से किशनगढ़ तक सफर किया।

बेलगांव के लिए 25 सीटें एडवांस बुक

डायरेक्टर कपूर ने बताया कि मंगलवार को किशनगढ़ से बेलगांव जाने के लिए 25 सीटें किशनगढ़ से ही बुक कराई जा चुकी हैं। किशनगढ़-इंदौर हवाई सेवा से मध्यप्रदेश एवं बेलगांव किशनगढ़ के बीच हवाई सेवा संचालन से कर्नाटक से हवाई यातायात सम्पर्क बढ़ेगा। फ्लाइट के शुभारंभ पर केक भी काटा गया। इससे पूर्व एयरलाइंस की टिकट विंडो का फीता काटा गया।

पहले यात्री को दिया बोर्डिंग पास

डायरेक्टर कपूर, महाप्रबंधक अग्रवाल एवं एयरलाइंस के अधिकारियों ने किशनगढ़ से इंदौर जाने वाले और पहला टिकट बुक कराने वाले यात्री सरवाड़ के प्रद्युम्न लढ़ा का स्वागत किया। उन्हें बोर्डिंग पास एवं उपहार भी दिया गया।


जल्द शुरू होगी सूरत और अहमदाबाद की उड़ानें

किशनगढ़ से इंदौर बेलगांव के लिए फ्लाइट शुरू होते ही अब सूरत और अहमदाबाद के लिए भी हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद बन गई है। संभवत: मई महीने तक सूरत के लिए हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। इसके बाद अहमदाबाद के लिए फ्लाइट शुरू होने की कवायद शुरू होगी।
स्टार एयरलाइंस के अधिकारी बोपणा एवं एस. सोन्द्रे ने बताया कि भारत सरकार के उड़ान-3 योजना के अन्तर्गत जल्द ही किशनगढ़ से सूरत और अहमदाबाद के लिए भी फ्लाइट शुरू करने की कवायद शुरू होगी। बोपरणा ने बताया कि डीजीसीए ने इन रूट को पहले ही अप्रूवल दे दी थी और अब इन रूट पर फ्लाइट शुरू की जानी है। इसके लिए जल्द ही स्टार एयरलाइंस चार्टर विमान की व्यवस्था करेगी। इंदौर बेलगांव की भांति ही सूरत और अहमदाबाद के लिए भी शुरुआत में 50 सीटर से ही विमान सेवा शुरू की जाएगी। यात्री भार बढऩे या फिर आवश्यकता होने पर बड़े विमान से हवाई सेवा की सुविधा दी जाएगी।

अनुदानित होगी 50 प्रतिशत सीटें
बोपरणा एवं एयरपोर्ट डायरेक्टर अशोक कपूर ने बताया कि उड़ान-3 प्रोजेक्ट के तहत रीजनल कनेक्टिविटी की हवाई सेवा के लिए विमान में 50 प्रतिशत सीटें सरकारी अनुदान पर आरक्षित हैं जिसका लाभ यात्री को दिया जाता है। आरक्षित दरों पर ही 50 प्रतिशत सीटों की टिकट बुक की जाती हैं। इसके बाद यात्रीभार बढऩे पर एयरलाइंस के अनुरूप टिकट दरों से टिकट बुक किए जाते है।

मुम्बई पर करेंगे विचार
एयरलाइंस के अधिकारियों ने बातचीत के दौरान बताया कि जल्द ही किशनगढ़ से मुम्बई के बीच भी हवाई सेवा शुरू करने पर विचार किया जाएगा। इस पर डायरेक्टर ने मुम्बई फ्लाइट के शुरू होने की संभावनाओं के बारे में उन्हें जानकारी दी।

Published on:
17 Mar 2020 05:01 am