अजमेर

मेवदाकलां में चाकू की नोंक पर युवक से दिनदहाड़े लूटपाट

रास्ता पूछने के बहाने अंजाम दी वारदात, नकदी, लूंग व चेन ले गए आरोपी
less than 1 minute read
Jun 19, 2019
Looter robbery from youth on knife point
मेवदाकलां में चाकू की नोंक पर युवक से दिनदहाड़े लूटपाट

अजमेर. मेवदाकलां क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक के साथ चाकू की नोंक पर दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई। कालेड़ा कृष्ण गोपाल निवासी दिनेश पुत्र शिवराज गुर्जर सुबह 11 बजे के करीब बोगला स्थित आगार के बालाजी के दर्शन कर लौट रहा था। इसी दौरान दो नकाबपोश युवक बाइक लेकर आए और उससे टांकावास गांव का रास्ता पूछा। दिनेश ने उन्हें रास्ता बता दिया। इसके बाद आरोपियों ने सिगरेट पीने के बहाने युवक की गर्दन पर चाकू लगाकर उससे करीब 4 हजार रुपए की कीमत का सोने के लूंग व एक चांदी की चेन लेकर फरार हो गए। आरोपियों के पास एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल थी, जिससे वह बोगला की तरफ फरार हो गए। वारदात के बाद युवक अपने गांव पहुंचा और परिजन को वारदात की जानकारी दी। क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई वारदात से ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त हो गया। जानकारी मिलने पर केकड़ी थाने के एसआई राजूराम काला मौके पर पहुंचे और पीडि़त से वारदात की जानकारी ली। केकड़ी थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चेहरे पर थे नकाब

आरोपियों के चेहरे पर नकाब बंधे थे। उनके पास बिना नंबर की मोटरसाइकिल थी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी कालेड़ा कृष्ण गोपाल के पास एक महिला से दिनदहाड़े रास्ता पूछने के बहाने सोने की बाली तोडक़र आरोपी फरार हो गए थे। युवक ने बताया कि उसका मोबाइल बाइक की जेब में था। इससे मोबाइल बच गया। उसने हाथ में सोने की अंगूठी पहन रखी थी। इसे भी आरोपियों ने तोडक़र ले जाना चाहा, लेकिन जल्दबाजी के चक्कर में खुल नहीं पाई और अंगूठी बच गई।

Published on:
19 Jun 2019 06:01 am