
अजमेर. राजस्थान पत्रिका की ओर से चलाए जा रहे अभियान 'मेरा शहर मेरा मुद्दा' कार्यक्रम रविवार को मयाणी अस्पताल के पास शहर के सिंधुवाड़ी क्षेत्र के सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया। क्षेत्रवासियों ने पेयजल, बिजली के तारों सहित आवारा पशुओं के मुख्य मार्ग पर जमघट सहित कई शिकायतों को बेबाकी से सामने रखा। कार्यक्रम में मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों ने समस्याओं को सुनकर कई समस्याओं के समाधान का मौके पर ही आश्वासन दिया।
प्रमुख रूप से क्षेत्रवासियों ने पेयजल समस्या के मुद्दे उठाए। लोगों का कहना था कि अंतिम छोर वाले मकानों में कम प्रेशर व कम समय जलापूर्ति होने से समस्या है। जलदाय विभाग के अधिकारी ने समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
क्षेत्रवासियों ने बिजली के तारों की समस्या बताई। लोगों ने बताया कि कई गलियों में बिजली के तारों का गुच्छा काफी नीचे तक लटका है जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। वहीं केबल तार भी बिजली के ताराें में उलझे रहते हैं। कभी भी तारों के खींचने या वाहनों में उलझने की संभावना रहती हैं। क्षेत्र के रमेश मंघनानी,नारायण ने कचरा डिपो से दोनों वक्त सफाई करवाने की मांग की। साथ ही कम प्रेशर के कारण पेजयल संकट से उबरने के लिए उच्च जलाशय नया बनाने की जरूरत बताई। क्षेत्रवासियों ने गलियों में लावारिस पशुओं के भटकने की शिकायत भी बताई।
पार्षद सीता टांक ने लोगों की समस्याओं को सुनकर निराकरण की बात कही। कार्यक्रम का संचालन ललित सामरिया ने किया।
जमीन राजस्व रिकार्ड में कब्रिस्तान, नहीं बनते पट्टे
क्षेत्रवासियों ने बताया कि कॉलोनी के कई मकानों के पट्टे नहीं बन पा रहे। प्रशासन शहरों के संग शिविर में उन्हें तकनीकी कारण बता कर लौटा दिया जाता है। लोगों ने बताया कि यहां राजस्व रिकार्ड में काफी बड़ा क्षेत्र कब्रिस्तान के नाम दर्ज है। ऐसे में उनके पट्टे नहीं बन पा रह। इससे लोगों को आए दिन निगम के चक्कर काटने पड़ते हैं।
इनका कहना है
कई पशुपालक बाड़ों में पशुओं को नहीं रखते। सुबह-शाम मुख्य मार्ग पर लावारिस छोड़ देते हैं। जिससे गंदगी तो फैलती ही है हादसे का भी डर बना रहता है।
नरेन्द्र सोनी
बिजली के खंंभों में तारों का गुच्छा लटका रहता है इसकी ऊंचाई कम होने के कारण करंट लगने या दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
आशा मनवानी
कम प्रेशर से पानी की समस्या बनी रहती है। अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचता या कम प्रेशर से आता है जिससे पीने का पानी भी नहीं भर पाता।
हेमंत
नालियों में गदंगी जाम नहीं हो इसके लिए कचरा साफ होना चाहिए नहीं तो बारिश में नालियां जाम हो जाती हैं और गंदा पानी उफन कर सड़कों पर आकर गदंगी फैलाता है।
सुरेन्द्र कुमार
--------------------------------------------------------
विभागोें के अधिकारी रहे मौजूद
जलदाय विभाग - चंद्रप्रकाश
नगर निगम के स्वास्थ्य निरीक्षक - सुमित कुमार
टाटा पावर के अभियंता - विशाल व पृथ्वीराज।