
अजमेर. मुम्बई से दरगाह जियारत करने आई एक युवती से होटल के कमरे में शादी का झांसा देकर दुराचार करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने मुम्बई के थाने में मामले की शिकायत दी। महाराष्ट्र पुलिस की ओर से आई 'जीरो नम्बरी एफआईआर पर दरगाह थाना पुलिस ने धोखाधड़ी से दुराचार का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।
थानाप्रभारी विजेन्द्र सिंह गिल ने बताया कि पीडि़ता ने शिकायत दी कि वह मई 2017 में दरगाह जियारत करने अजमेर आई। उसे दरगाह क्षेत्र में मिले झुंझुनूं रानी सती मंदिर के पास हजारों का मोहल्ला निवासी अब्दुल करीम होटल में सस्ता कमरा दिलवाने के नाम पर अपने साथ दरगाह के निकट होटल में ले गया। होटल में पहुंच कर वह बाथरूम में चली गई करीम कमरे में ही बैठ गया। वह बाथरूम से निकली तो आरोपित ने उसके साथ दुराचार किया। इसके बाद आरोपित शाम को फिर होटल आया और शादी का प्रस्ताव रखा। शादी का झांसा देकर आरोपित ने फिर अवैध संबंध बनाए।
शिकायत के बाद नहीं लौटी
पुलिस ने मामले में महाराष्ट्र पुलिस से जब पीडि़ता के संबंध में पड़ताल की तो सामने आया कि शिकायत देने के बाद से पीडि़ता वापस नहीं लौटी। महाराष्ट्र पुलिस ने उसके स्थानीय पते पर भी तलाश की लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। दरगाह थाना पुलिस भी पीडि़ता की तलाश में जुटी है।