
अजमेर.महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में गुरुवार को प्रबंध मंडल (बॉम) की बैठक हुई। इसमें कुलपति सर्च कमेटी के लिए सदस्य का नाम तय हुआ।
विश्वविद्यालय का सदस्य मनोनीत करने के लिए विश्वविद्यालय प्रबंध मंडल की बैठक हुई। कार्यवहक कुलपति प्रो. कैलाश सोडाणी की अध्यक्षक्षता में सदस्य का नाम तय किया गया। यह नाम अब राजभवन, सरकार और यूजीसी को भेजा जाएगा।
नियमानुसार स्थाई कुलपति का कार्यकाल खत्म/निधन होने पर सर्च कमेटी का गठन जाता है। इसमें यूजीसी, राजभवन और विश्वविद्यालय प्रबंध मंडल के सदस्य को शामिल किया जाता है। बैठक में प्रबंध मंडल सदस्य प्रो. शिवदयाल सिंह, प्रो. प्रवीण माथुर, सरकार के प्रतिनिधि प्रो. अनिल कोठारी, कॉलेज शिक्षा निदेशालय के प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र गोखरू सहित अन्य शामिल हुए।
15 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स चुनेंगे अपनी सरकार
अजमेर. छात्रसंघ चुनाव की हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को सभी कॉलेज और महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में मतदाता सूची जारी हुई। स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थियों ने सूची में नाम तलाशे।
सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, राजकीय कन्या महाविद्यालय, दयानंद कॉलेज, संस्कृत कॉलेज, श्रमजीवी कॉलेज, महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में 31 अगस्त को छात्रसंघ चुनाव होंगे। तयशुदा कार्यक्रम के मुताबिक सभी संस्थाओं में गुरुवार को अंतरिम मतदाता सूची लगाई गई थी। सुबह सूची लगते ही विद्यार्थी ढूंढने में व्यस्त हो गए। कई विद्यार्थियों ने नोटिस बोर्ड पर लगी सूची और दोस्तों के साथ सेल्फी भी ली।
आईकार्ड देखने के बाद प्रवेश
सभी कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की जांच शुरू हो गई है। शिक्षकों की समिति सदस्यों ने मुख्य द्वार पर विद्यार्थियों के परिचय पत्र अथवा फीस रसीद देखना प्रारंभ कर दिया। चुनाव तक सभी संस्थाओं में रैली निकालने, पोस्टर चिपकाने, पेम्पलेट बांटने पर रोक रहेगी। बाहरी व्यक्ति संस्थाओं में प्रवेश नहीं ले सकेंगे। नियमित विद्यार्थियों को सत्र 2018-11 का परिचय पत्र अथवा फीस की चालान कॉपी रखनी होगी।