अजमेर

इस यूनिवर्सिटी के लिए खास है यह मीटिंग, लगी हुई है सबकी निगाहें

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Aug 23, 2018
BOM in mds university
BOM in mds university

अजमेर.

महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय का नया कुलपति तलाशने की कवायद शुरू होने वाली है। प्रक्रिया के तहत गुरुवार को प्रबंध मंडल (बॉम) की बैठक होगी। इसमें सर्च कमेटी के लिए विश्वविद्यालय की तरफ से सदस्य की नियुक्ति होगी।

प्रो. विजय श्रीमाली के निधन के बाद विश्वविद्यालय में कुलपति पद रिक्त हो गया है। राजभवन ने प्रो. कैलाश सोडाणी को अतिरिक्त जिम्मेदारी है। वे मौजूदा वक्त बांसवाड़ा के गोविंद गुरू जनजातीय विश्वविद्यालय के कुलपति हैं।

प्रो.सोडाणी पर नए कुलपति के चयन की प्रक्रिया को अंजाम देने की अहम जिम्मेदारी है। गुरुवार को उनकी अध्यक्षता में प्रबंध मंडल की बैठक होगी। इसमें कुलपति सर्च कमेटी के लिए विश्वविद्यालय के सदस्य का नाम तय किया जाएगा।

यूं बनेगी सर्च कमेटी

नियमानुसार कुलपति तलाशने के लिए सर्च कमेटी का गठन किया जाएगा। इसमें यूजीसी, राजभवन, राज्य सरकार और विश्वविद्यालय प्रबंध मंडल के सदस्य को शामिल किया जाएगा। कमेटी के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय को कुलपति पद के लिए आवेदन मांगने होंगे। विभिन्न शिक्षाविदें (प्रोफेसर) से आवेदन लेने के बाद कुलपति सर्च कमेटी योग्यतम की छंटनी करेगी। इनमें तीन या पांच नाम राज्य सरकार और राज्यपाल को भेजे जाएंगे। दोनों की सहमति पर स्थाई कुलपति की नियुक्ति की जाएगी।

देख लीजिए वोटर लिस्ट में अपना नाम

सरकारी और निजी कॉलेज एवं महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में गुरुवार को सुबह 10 बजे मतदाता सूची जारी होगी। शुक्रवार को आपत्ति लेने के बाद दोपहर को अंतिम मतदाता सूची लगाई जाएगी।

सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, राजकीय कन्या महाविद्यालय, दयानंद कॉलेज, संस्कृत कॉलेज, श्रमजीवी कॉलेज और महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में सत्र 2018-19 के तहत दाखिले तकरीबन पूरे हो चुके हैं। इनमें स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाएं शामिल हैं। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भी चुनाव होंगे। सभी संस्थाएं संकायवार और कक्षावार मतदाता सूची बुधवार को सुबह 10 बजे जारी करेंगी। शुक्रवार को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक मतदाता सूची पर आपत्तियां ली जाएंगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे अंतिम मतदाता सूची चस्पा होगी।

Published on:
23 Aug 2018 07:20 am