
अजमेर . शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार शहरों के साथ ही गांवों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने एवं विकास के लिए भी प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। अजमेर शहर से सटे माकड़वाली गांव में पिछले चार साल में 16 करोड़ के विकास कार्य कराए गए हैं। हमने क्षेत्र के विकास का जो वादा किया था उसे पूरा कर हम क्षेत्र को अजमेर के सैटेलाइट से सेंटर के रूप में विकसित करने जा रहे हैं।
राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने माकड़वाली में 1.85 करोड़ की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि माकड़वाली गांव शहर से सटा होने के बावजूद दशकों से विकास की दृष्टि से अछूता था। हमने चुनाव के दौरान क्षेत्र की जनता से वादा किया था कि गांव को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करेंगे। इससे पूर्व मंत्रोच्चारण के साथ स्वास्थ्य केन्द्र भवन का शिलान्यास किया गया। यहां पर करीब 6 हजार 800 वर्गफ ीट क्षेत्रफ ल में 2 वार्ड, 2 चिकित्सक कक्ष, एक लैब, ओटी, स्टरलाइजेशन रूम, लेबर रूम, फैमिली वेलफेयर रूम आदि का निर्माण किया जाएगा।
मिड डे मील में अब बच्चों को मिलेगा दूध
देवनानी ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों को पोषण के लिए अब मिड डे मील योजना के तहत सप्ताह में तीन दिन दूध भी दिया जाएगा। आगामी शैक्षणिक सत्र से सरकारी स्कूलों में यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। मई से अगस्त तक सरकारी स्कूलों में नामांकन अभियान चलाया जाएगा।देवनानी ने बुधवार को माकड़वाली के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 26.60 लाख की लागत से बनने वाले नए कक्षा कक्षों की आधारशिला रखी।
उन्होंने कहा कि कक्षा एक से 5 तक के विद्यार्थियों को 150 ग्राम एवं कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को 200 ग्राम दूध दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के विद्यालयों में मई से अगस्त तक सघन नामांकन अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर ओमप्रकाश भडाना, अरविंद यादव, जिला प्रमुख वंदना नोगिया, राजेश शर्मा, महेन्द्र जादम, सरपंच महेन्द्र सिंह रावत, डॉ. के.के.सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।