अजमेर। आनासागर झील में बारादरी के पास मिले महिला के शव की पहचान हो गई। मृतका भीलवाड़ा निवासी 66 वर्षीय मोहिनी देवी पत्नी हीरालाल कोली है। वह बहू से विवाद के बाद नाराज होकर भीलवाड़ा से अजमेर पीहर के लिए निकली थी लेकिन देर शाम तक वहां भी नहीं पहुंची। परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे और भीलवाड़ा जीआरपी थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करवाई थी। गुरुवार को पति, पुत्र और पीहर पक्ष के लोगों ने जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान की। कृष्णगंज थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार भीलवाड़ा के सांगानेर कॉलोनी निवासी कमल ने बताया कि 10 नवम्बर की सुबह उसकी मां मोहिनी का घर में बहू से भाई दूज पर अपने पीहर जाने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद वह नाराज होकर चली गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन ने तलाश शुरू की। वह परिवार के एक सदस्य को रेलवे स्टेशन पर मिली। उसने उसे अजमेर जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया।