अजमेर

विधायक देवनानी बोले : जनता के बीच जाकर केन्द्र सरकार की उपलब्धियां बताएं भाजपा कार्यकर्ता

अजमेर शहर भाजपा के दाहरसेन मंडल और पृथ्वीराज मंडल कार्यसमिति की बैठकें, कांग्रेस के कुप्रचार से भी जनता को कराएं अवगत

less than 1 minute read
Aug 09, 2021
विधायक देवनानी बोले : जनता के बीच जाकर केन्द्र सरकार की उपलब्धियां बताएं भाजपा कार्यकर्ता

Ajmer अजमेर. विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा है कि कार्यकर्ताओं से ही पार्टी की पहचान होती है। पार्टी भी अपने कार्यकर्ताओं की पूरी तरह कद्र करते हुए उन्हें पहचान दिलाती है। संगठन मजबूत होने पर ही पार्टी आगे बढ़ती है। भाजपा ने देशभर में अपनी जो स्थिति मजबूत की है, उसका सारा श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है। कांग्रेस में युवाओं का कोई भविष्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर केन्द्र सरकार की उपलब्धियां बताएं व कांग्रेस के कुप्रचार से अगत करवाएं। देवनानी रविवार को शहर भाजपा के दो मंडलों की आयोजित कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। दाहरसेन मंडल की कार्यसमिति वैशाली नगर स्थित सत्यम् पैलेस और पृथ्वीराज मंडल की कार्यसमिति लौंगिया स्थित सिंधी धर्मशाला में हुई।

बूथ कार्यकर्ताओं से बनाएं संवाद

उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारी बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करें, उनके दु:ख-दर्द में भागीदार बनें। केंद्र सरकार द्वारा देशभर में करीब 80 करोड़ लोगों को पांच-पांच किलो गेहूं नि:शुल्क दिया जा रहा है, लेकिन लाभ पाने वालों को यह पता ही नहीं है कि यह गेहूं केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने भेजा है।

दाहरसेन मंडल की कार्यसमिति की बैठक में पूर्व महापौर धर्मेन्द्र गहलोत ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को सिलसिलेवार गिनाते हुए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे लोगों को सच्चाई से अवगत कराएं। भाजपा नेता अरविंद यादव ने सुंदरसिंह भंडारी के जन्म शताब्दी वर्ष और इस दौरान मनाए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।

मंडल अध्यक्ष व पार्षद दीपेंद्र लालवानी ने मंडल का कार्य विवरण रखा। संचालन महामंत्री सत्येंद्र कुमार शर्मा ने एवं सुरेश नवाल ने आभार जताया। श्वेता शर्मा, जयकिशन पारवानी, पार्षद रमेश सोनी, राजकुमार ललवानी, पार्षद वीरेंद्र वालिया, सतीश बंसल, राहुल जैसवाल, विकास जैन, अजय वर्मा, विक्रम सिंह राठौड, भारती श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

Published on:
09 Aug 2021 12:13 am
Also Read
View All