अजमेर

नसीराबाद रोडवेज बस स्टैंड बदहाल, नहीं यात्री सुविधाएं

बस स्टैंड के अंदर की सडक़ क्षतिग्रस्त, नहीं रुकती रात्रिकालीन बसें  
2 min read
Jun 18, 2019
Nasirabad roadways bus stand- No passanger facilities
नसीराबाद रोडवेज बस स्टैंड बदहाल, नहीं यात्री सुविधाएं

नसीराबाद. नसीराबाद का रोडवेज बस स्टैंड अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। बस स्टैंड के अंदर की सडक़ कई वर्षों से पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। जब बसों का आवागमन स्टैंड पर होता है तो धूल के गुबार उड़ते हैं। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं बारिश में बस स्टैंड परिसर में कीचड़ हो जाता है। ऐसे में यात्री टिकट खिडक़ी तक भी नहीं पहुंच पाते हैं।

कहने को तो रोडवेज निगम की ओर से बस स्टैंड परिसर में वर्ष 2008 में तत्कालीन गहलोत सरकार के समय सांसद कोष सहित राज्य सरकार के खर्च से 50 लाख रुपए खर्च कर बस स्टैंड परिसर में यात्री सुविधाओं सहित नए टिकट घर का निर्माण कराना शामिल था। लेकिन वर्तमान में मात्र टिकट घर बनवाकर रोडवेज निगम ने इतिश्री कर ली। देखभाल के अभाव में नया टिकट घर भी जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच रहा है। नए टिकट घर के आस-पास जहां लावारिस जानवरों का जमावड़ा लगा रहता है।

रात 8 बजे बाद कोई भी बस स्टैंड परिसर के भीतर नहीं आती-जाती ऐसे में यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहा है। इतना ही नहीं भीषण गर्मी में रोडवेज विभाग की ओर से बस स्टैंड परिसर में शीतल पानी के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में दुकानदार मंहगे दामों में पानी की बोतलें बेचते हैं। रोडवेज बस स्टैंड पर तैनात स्थान प्रभारी के सेवानिवृत्त हो जाने के बाद भी रोडवेज निगम ने दूसरे स्थान प्रभारी की नियुक्ति नहीं की गई है। ऐसे में रोडवेज बस स्टैंड का कोई धणी-धोरी नहीं हैं। जबकि रोडवेज निगम स्टैंड परिसर में लगी कचौरों की दुकानों से हर महीने लाखों रुपए कमाता है।

वहीं नगर से कई यात्री भी प्रतिदिन रोडवेज से आवागमन करते हैं लेकिन सुविधा के नाम पर उन्हें कुछ भी नहीं मिल रहा है। इतना ही नहीं रोडवेज निगम द्वारा कई वर्षों से शौचालय का निर्माण नहीं कराए जाने पर स्थानीय छावनी परिषद प्रशासन ने अपने खर्च से शौचालय का निर्माण करवाया है। रात्रिकालीन बसें भी नसीराबाद शहर में नहीं आकर बाइपास होकर गुजर जाती हैं जिससे बाहर से नसीराबाद आने वाले यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

Published on:
18 Jun 2019 06:01 am