20 वार्ड में 23 महिलाएं लड़ रही चुनाव, पालिकाध्यक्ष पद पर नजरें नसीराबाद नगर पालिकाध्यक्ष सामान्य महिला के लिए आरक्षित
हिमांशु धवल. अजमेर.
प्रदेश की सबसे छोटी नसीराबाद नगर पालिका के 20 वार्डों में 23 महिलाएं चुनाव मैदान में है। इसका मुख्य कारण यह है कि यहां पालिका अध्यक्ष का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित हैं। कहने को तो यहां मात्र 6 वार्ड ही महिलाओं के लिए आरक्षित हैं लेकिन पालिकाध्यक्ष पद पाने की होड़ में अन्य वार्डों में भी महिलाओं पर ही विश्वास जताया गया है।
नसीराबाद नगर पालिका में पहली बार नगर पालिका के चुनाव 16 नवम्बर को होंगे। यहां पर नगर पालिकाध्यक्ष अध्यक्ष पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। ऐसे में इस पद पर किसी भी जाति की महिला अपना दावा पेश कर सकती है। इसके कारण ही भाजपा और कांग्रेस के साथ ही निर्दलीय के रूप में 23 महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, जबकि पुरुष प्रत्याशी 31 है। ऐसे में कई वार्डो में कड़ा मुकाबला बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि नगर पालिका में मतदाताओं की संख्या मात्र 957 ही थी, लेकिन पूरक सूची में नाम और जुडऩे के कारण अब इनकी संख्या 1044 तक पहुंच गई है। इसके कारण नसीराबाद नगर पालिका के चुनाव चर्चा में बने है।
महिलाओं के लिए आरक्षित वार्ड
नसीराबाद नगर पालिका में वार्ड संख्या 2, 4, 8, 11, 17 और 18 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। जबकि अन्य वार्ड 12, 07, 10 और 05 में भी महिला प्रत्याशियों को उतारा गया है।
54 प्रत्याशी मैदान में
नसीराबाद नगर पालिका में भाजपा-कांग्रेस, बसपा और निर्दलीय के रूप में 54 प्रत्याशी मैदान में है। भाजपा और कांग्रेस की ओर से प्रत्येक वार्ड में प्रत्याशी मैदान में उतारे गए, लेकिन वार्ड 20 में कांग्रेस को एक निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन देना पड़ा है। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय के रूप में 15 महिला-पुरुष प्रत्याशी मैदान में है। यहां पर वार्ड नम्बर 20 में सर्वाधिक 5 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।