अजमेर

जवाब दो : गेहूं व पानी में कीड़े की नौबत क्यों आई

राजकीय अम्बेडकर छात्रावास,किशनगढ़ का सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक ने किया निरीक्षण, पत्रिका में खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया महकमा
less than 1 minute read
Aug 04, 2019
Notice to the accuseds
जवाब दो : गेहूं व पानी में कीड़े की नौबत क्यों आई

अजमेर. राजकीय अम्बेडकर आवासीय छात्रावास में गेहूं व आटे में इल्लियां और पानी में कीड़े मिलने के मामले में सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग की ओर से ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी और छात्रावास अधीक्षक को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है।

छात्रावास का शनिवार को उप निदेशक ने निरीक्षण किया। भीमसेना के पदाधिकारियों से बातचीत भी की। किशनगढ़ के नारायणी माता मंदिर से पहले स्थित राजकीय अम्बेडकर आवासीय छात्रावास में कक्षा नवमीं से बारहवीं के छात्र रहते हैं। २९ जुलाई को छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों ने गेहूं व आटे में इल्लियां मिलने और पानी में कीड़े होने की शिकायत की थी।

इसकी जानकारी मिलते ही भीमसेना के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया था। हंगामा बढ़ता देख मौके पर तहसीलदार ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए थे।
मामले को राजस्थान पत्रिका के ३० जुलाई के अंक में ‘गेहूं में मिली इल्लियां और पानी में कीड़े’ शीषर्क से प्रमुखता से प्रकाशित किया गया।

इस पर सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग अजमेर के उपनिदेशक जय प्रकाश ने किशनगढ़ के ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी विनीत कुमार चौधरी और छात्रावास अधीक्षक नरेन्द्र कुमार जोया को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है।

इसमें ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी चौधरी से मुख्यालय कब-कब छोड़ गया और इसके लिए किसकी अनुमति ली गई यह भी स्पष्ट करने को कहा गया है। साथ ही नरेन्द्र जोया को राजकीय छात्रावास का अतिरिक्त चार्ज किसकी अनुमति से देने की बात कही गई है।

इसी प्रकार छात्रावास अधीक्षक नरेन्द्र कुमार जोया से उक्त मामले वाले दिन अवकाश किससे स्वीकृत कराने और अंराई छात्रावास का अतिरिक्त चार्ज किसके आदेश से लिया गया यह भी पूछा गया है।

Published on:
04 Aug 2019 06:04 am