अजमेर

Ajmer: 18 साल से काम कर रहे कर्मचारी ने चोरी किए सवा करोड़ रुपए के सोने के जेवर और ₹15 लाख नकद, दुकान नहीं पहुंचा तो हुआ शक

अजमेर में ज्वेलर्स के यहां 18 साल से काम कर रहा कर्मचारी करीब 750 ग्राम सोने के आभूषण और 15 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गया। दुकान नहीं पहुंचने और मोबाइल बंद मिलने पर मालिक को शक हुआ।
2 min read
Aug 20, 2026
Ajmer Theft Case
कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करवाते सर्राफा व्यवसायी सूरज नारायण लखोटिया (फोटो: पत्रिका)

Old Employee Stole Jewellery And Cash: अजमेर जिले में नया बाजार स्थित ज्वैलर्स के यहां 18 साल से काम कर रहा कर्मचारी सवा करोड़ रुपए कीमत के सोने के आभूषण व 15 लाख रुपए नकदी चोरी कर ले गया। कर्मचारी दुकान के लेन-देन से लेकर ज्वेलरी के रखरखाव तक की जिम्मेदारी निभा रहा था। बुधवार सुबह दुकान नहीं पहुंचने और मोबाइल बंद मिलने पर व्यापारी को संदेह हुआ। दुकान खोलकर जांच करने पर 750 ग्राम सोने के आभूषण व नकदी गायब मिली। सदर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाप्रभारी रामेश्वरी देवी ने बताया कि अजमेर जिले में नया बाजार चौपड़ स्थित ज्वैलर्स के संचालक सूरज नारायण लखोटिया ने रिपोर्ट दी कि आदर्शनगर की सेठी कॉलोनी निवासी दिलीप चौरसिया करीब 18 साल से शोरूम पर काम कर रहा था। लंबे समय से काम करने के कारण उसे शोरूम के नकद लेन-देन, ज्वेलरी के रखरखाव, खरीद-फरोख्त की जिम्मेदारी सौंप रखी थी।

रात को दुकान बंद करके घर गया

रिपोर्ट में बताया कि 17 अगस्त रात दिलीप दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन मंगलवार को नया बाजार सर्राफा बाजार का साप्ताहिक अवकाश होने के कारण दुकान नहीं खुली। दिलीप ने 19 अगस्त को एक घंटे देरी से दुकान पहुंचने की बात कही थी।

सुबह 11 बजे तक दुकान नहीं आया तो हुआ शक

लखोटिया ने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त सुबह 11 बजे तक दिलीप के दुकान पर नहीं पहुंचने पर उन्होंने उसे फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उन्होंने दिलीप के पिता से संपर्क किया। पिता ने बताया कि दिलीप सुबह 9 बजे घर से दुकान के लिए निकल चुका था। काफी देर तक इंतजार के बाद भी दिलीप का पता नहीं चला तो मालिक ने दुकान खोलकर अंदर जांच की।

ज्वेलरी और नकदी गायब मिली

दुकान के अंदर जांच करने पर करीब 750 ग्राम सोने के आभूषण व 15 लाख रुपए नकद नहीं मिले। ज्वेलरी व नकदी गायब मिलने के बाद मालिक को दिलीप पर संदेह हुआ। उन्होंने उससे संपर्क करने के कई प्रयास किए, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। देर शाम सदर कोतवाली थाने में दिलीप चौरसिया के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दी। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्जकर अनुसंधान शुरू कर दिया। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही दुकान से गायब सामान और नकदी के संबंध में भी सुराग जुटा रही है।

Updated on:
20 Aug 2026 08:39 am
Published on:
20 Aug 2026 08:36 am