
जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई करती भीम थाना पुलिस और इनसेट में मृतक की फाइल फोटो: पत्रिका
Rajsamand Labor Murder Case: राजस्थान के राजसमंद जिले के भीम थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान पर सोमवार शाम खाना बना रहे युवक पर उसके साथी मजदूर ने हत्या कर दी। उसे गंभीर हालत में अजमेर लाया गया। यहां JLN अस्पताल में मंगलवार को चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार डूंगरपुर के जोतरी गंदवापाल निवासी भीमा मीणा अपने बेटे सूरज(21) के साथ भीम में मकान निर्माण में चिनाई की ठेकेदारी का काम करता है। करीब दो दिन पहले गांव का पड़ोसी पंकज मीणा भी मजदूरी के लिए भीम आ गया। पंकज पहले भी दोनों के साथ मकान पर काम कर चुका था।
सोमवार शाम करीब 5 बजे काम खत्म होने के बाद भीमा सब्जी लेने बाजार चला गया। उस समय सूरज निर्माणाधीन मकान पर खाना बना रहा था। पंकज वहीं था। उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी या विवाद हुआ, जिसकी पूरी वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। आरोप है कि पंकज ने पीछे से धारदार चाकू से सूरज पर हमला कर दिया। हमले में सूरज के गर्दन, कंधे व ललाट पर गंभीर चोटें आईं। आरोपी ने उसका गला भी रेत दिया।
भीमा जब बाजार से वापस लौटा तो बेटे को गंभीर हालत में पड़ा देखकर उसके होश उड़ गए। सूरज को पहले भीम के राजकीय अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ब्यावर, फिर अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया। मंगलवार तड़के 4 बजे सूरज को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भीम थानाप्रभारी दिलीप कुमार मौके की कार्रवाई करने के बाद मंगलवार देर शाम अजमेर पहुंचे। भीमा की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी पंकज अपने साथ चाकू लेकर आया था। वारदात पूर्व नियोजित थी या मौके पर विवाद बढ़ने के बाद हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है। चाकू बरामद कर पंकज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सूरज की शादी महज दो साल पहले हुई थी। परिजन के मुताबिक उसकी पत्नी गर्भवती है। सूरज पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह पिछले करीब 5 साल से पिता भीमा के साथ मकान निर्माण के काम में हाथ बंटाकर परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। सोमवार शाम को वह पिता और पंकज के लिए रोटी बना रहा था तभी पंकज ने निर्ममता से उसकी हत्या कर दी।
मृतक के पिता की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। हत्या की वजह, घटनाक्रम को लेकर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
दिलीप कुमार, थानाप्रभारी भीम
Updated on:
19 Aug 2026 09:01 am
Published on:
19 Aug 2026 09:01 am
